30 अक्टूबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

रेल रूट से जुड़ेगा पुष्कर-मेड़ता, मार्च के बाद चलेंगी नई ट्रेन

वाटर वेंडिंग मशीन से स्टेशन पर यात्रियों को सस्ता पेयजल होगा उपलब्ध। रेलवे महाप्रबंधक ने किया मदार कोचिंग डिपो का शिलान्यास।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

•

image

raktim tiwari

•

Updated: 19 Oct 2016, 8:50 AM IST

railway pushkar merta route new trains run

railway pushkar merta route new trains run

अजमेर से पुष्कर के बीच घाटे में चल रही ट्रेन को नफे की पटरी पर लाने के लिए उसकी रफ्तार बढ़ाई जाएगी। पुष्कर की दूरी तय करने में समय की बचत होने से संभवत: ट्रेन को पर्यात यात्री मिल सकेंगे। इसके अलावा पुष्कर से मेड़ता के बीच नई रेल लाइन डालने के लिए भी रेलवे बोर्ड से विचार चल रहा है।

उत्तर-पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अनिल सिंघल ने बताया कि अजमेर-पुष्कर के बीच ट्रेन शुरू से ही घाटे का सौदा रही है। यात्रियों की कम दिलचस्पी को देखते हुए अब इसकी स्पीड बढ़ाई जा रही है। फिलहाल उसकी रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटा है, जिसे बढ़ाकर 75 किलोमीटर प्रति घंटा किया जाएगा। अगले दो माह में ट्रेन की गति बढ़ा दी जाएगा।

पुष्कर-मेड़ता के लिए नई बजट में स्वीकृति

सिंघल ने बताया कि पुष्कर-मेड़ता के बीच लगभग 60 किलोमीटर नई रेल लाइन डालने की स्वीकृति तो काफी वर्ष पहले मिल चुकी है, लेकिन बजट नहीं मिलने से योजना आगे नहीं बढ़ पा रही है। यह रेल लाइन बिछने के बाद अजमेर से पुष्कर होते हुए बीकानेर और उत्तर भारत के लिए रेलवे ट्रेक का नया विकल्प मिल जाएगा। इसके बाद अजमेर-पुष्कर के बीच भी यात्री भार बढ़ेगा।

मार्च के बाद नई ट्रेनें

सिंघल ने बताया कि अजमेर के लिए लंबी दूरी की चार नई ट्रेनों के प्रस्ताव रेलवे बोर्ड भिजवाए जा चुके हैं। स्टेशन पर प्लेटफार्म की कमी की वजह से फिलहाल इन गाडि़यों को हरी झंडी मिलने में दिक्कतें आ रही है। मदार कोचिंग डिपो शुरू होने के बाद अगले वर्ष मार्च के बाद अजमेर के लिए नई ट्रेनों की घोषणा की उम्मीद है।

बनेगा वी.आई.पी लाउंज

सिंघल ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर विश्व स्तरीय यात्री सुविधाएं जुटाने की कड़ी में शीघ्र ही वी.आई.पी लाउंज बनाया जाएगा। वातानुकूलित और आरामदायक सोफे युक्त इस लाउंज में यात्री शुल्क देकर ट्रेन का इंतजार कर सकेंगे। उन्हें यहां टी.वी सहित जलपान की भी सुविधा मिलेगी। जयपुर में यह सुविधा प्रारंभ हो चुकी है।

स्टेशन पर लगी वाटर वेंडिंग मशीनें

सिंघल ने रेलवे स्टेशन पर वाटर वेंडिंग मशीनों का उद्घाटन किया। इन मशीनों पर यात्रियों को एक रुपए मे एक गिलास शुद्ध ठंडा जल मिलेगा। इसके अलावा रियायती दरों पर एक और 5 लीटर की बोतल भी उपलब्ध होगी। रेलवे स्टेशन पर फिलहाल सात मशीनें लग चुकी है।

बहुप्रतीक्षित मदार कोचिंग डिपो का शिलान्यास

चार वर्ष पूर्व प्रस्तावित मदार कोचिंग डिपो योजना आखिर हकीकत की पटरी पर आ ही गई। सिंघल ने मंगलवार को मदार रेलवे स्टेशन पर इसका विधिवत शिलान्यास किया। इस योजना पर लगभग 40 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसके तहत ट्रेनों का रखरखाव और धुलाई मदार रेलवे स्टेशन पर होगी।

योजना के तहत वहां इस कार्य के लिए पिट लाइनों का निर्माण किया जाएगा। फिलहाल यह कार्य अजमेर रेलवे स्टेशन पर किया जाता है। इस वजह से स्टेशन का विस्तार नहीं हो पा रहा था। पिट लाइनें मदार स्थानांतरित होने के बाद उसकी जगह खाली जमीन पर दो नए प्लेटफार्म बनाने का रास्ता साफ हो जाएगा।

तोपदड़ा की तरफ दरवाजा शीघ्र

सिंघल ने बताया कि अजमेर की जनता की मांग के अनुरूप तोपदड़ा की तरफ सैकंड एंट्री गेट का काम शीघ्र शुरू हो जाएगा। जनप्रतिनिधियों और स्वायत्तशासी संस्थाओं के सहयोग से शुरू होने वाली इस योजना पर लगभग 10 करोड़ रुपए खर्च होंगे। तोपदड़ा की तरफ नए प्रवेश और निकास द्वार खुलने और वहां यात्री सुविधाएं शुरू होने के बाद स्टेशन रोड स्थित मौजूदा रास्ते पर यात्री दबाव कम हो जाएगा। इसकी बदौलत शहर की यातायात व्यवस्था में भी सुधार होगा।

यह रहे मौजूद

वाई-फाई सुविधा शीघ्र

अजमेर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मुफ्त वाई-फाई सुविधा शीघ्र ही उपलब्ध हो जाएगी। सिंघल ने बताया कि उपकरण लग चुके है। फिलहाल इसका परीक्षण चल रहा है। जयपुर स्टेशन के बाद अजमेर रेलवे स्टेशन पर यह सुविधा जल्द ही प्रारंभ करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

यह रहे मौजूद

वाटर वेंडिंग मशीन उद्घाटन और मदार कोचिंग डिपो के शिलान्यास के समय महाप्रबंधक के साथ मंडल रेल प्रबंधक पुनीत चावला, अपर मंडल रेल प्रबंधक धर्मेद्र कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जसराम मीणा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक मुकेश सैनी, मंडल वाणिज्य प्रबंधक अतुल श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।