15 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Ajmer News: पुष्कर में पत्नी से श्मशान जाने को बोलकर निकला पति, नाड़ी में मिला शव

पुष्कर के तिलोरा गांव के पास शनिवार को पानी से भरी नाड़ी में 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि मृतक भागचंद पत्नी से श्मशान जाने की बात कहकर घर से निकला था। बाद में उसका शव नाड़ी में मिला। पुलिसकर्मी ने गहरे पानी में उतरकर उसे बाहर निकाला और मौके पर CPR भी दिया, लेकिन जान नहीं बच सकी।
2 min read
Google source verification

अजमेर

image

Kamal Mishra

Aug 15, 2026

pushkar death

Pushkar: सांकेतिक तस्वीर (फोटो-एआई जेनरेटेड)

अजमेर। पुष्कर क्षेत्र में शनिवार को पानी से भरी नाड़ी में एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। तिलोरा गांव के पास हुई इस घटना में 35 वर्षीय भागचंद बागरिया की मौत हो गई। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को पुष्कर के राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है। मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होने की बात पुलिस ने कही है।

जानकारी के अनुसार मृतक भागचंद चावंडिया गांव की नायकों की ढाणी का रहने वाला था। शनिवार को वह अपनी पत्नी सुगना से श्मशान में धूप करने जाने की बात कहकर घर से निकला था। पत्नी के मुताबिक भागचंद ने उसे दूसरे रास्ते से जाने के लिए कहा और खुद अलग रास्ते से निकल गया। बाद में उसकी पत्नी को वह पानी में डूबा हुआ मिला। घटना की जानकारी आसपास के लोगों और पुलिस को दी गई।

पुलिसकर्मी ने नाड़ी में उतरकर निकाला बाहर

घटना की सूचना मिलते ही पुष्कर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। नाड़ी में युवक के डूबे होने की जानकारी मिलने पर कांस्टेबल सीताराम मीणा ने तुरंत पानी में उतरकर उसकी तलाश शुरू की। काफी गहराई में जाकर उन्होंने युवक को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिसकर्मियों और मौके पर मौजूद लोगों ने भागचंद को बचाने की कोशिश की और सीपीआर दिया।

हालांकि प्रयासों के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उसे तत्काल पुष्कर के राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

यह वीडियो भी देखें :

अस्पताल में परिजनों के बीच हुआ विवाद

भागचंद की मौत की खबर मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। यहां किसी बात को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जान से मारने के आरोप लगाए। इस घटनाक्रम के बाद मामले को लेकर और भी सवाल खड़े हो गए हैं।

पुलिस अब मृतक के परिजनों के बयान लेने के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि भागचंद तिलोरा से नाड़ी तक किन परिस्थितियों में पहुंचा और वह पानी में कैसे डूबा।

रविवार को होगा पोस्टमार्टम

पुष्कर थाने के सहायक उप निरीक्षक छीतरमल वैष्णव ने बताया कि मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी पोस्टमार्टम के बाद ही मिल सकेगी। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है और पोस्टमार्टम रविवार को कराया जाएगा। मृतक के परिवार में पत्नी सुगना और 10 वर्षीय बेटा गज्जू है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।