
rahul gandhi in ajmer
अजमेर.
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल ने कहा कि देश किसी एक आदमी की बदौलत नहीं चल रहा। यह हजारों मजदूरों, किसानों, कर्मचारियों, व्यापारियों के बल पर आज अग्रणीय बना है। मोदीजी देश में दो भारत बना रहे हैं, हम ऐसा हरगिज होने देंगे।
राहुल ने बांदनवाड़ा में आयोजित चुनाव सभा में कहा कि कांग्रेस ने छह महीने तक देश-दुनिया के अर्थशास्त्रियों से चर्चा कर न्याय योजना बनाई। अजमेर के लोगों को इसका जबरदस्त फायदा होगा। यहां 12 हजार से कम आय वाले कई लोग हैं। इनके खाते में एक साल में 72 हजार और तीन साल में 3 लाख 60 हजार रुए सीधे पहुंच जाएंगे।
एक व्यक्ति से नहीं चलता देश
मोदी पर तंज कसते हुए कहा राहुल ने कहा कि एक व्यक्ति से हिंदुस्तान न कभी चला है, न कभी चलेगा। देश किसानों, मजदूरों, युवाओं, कर्मचारियों, अधिकारियों, व्यापारियों से चलता है। मोदी लगातार झूठ पर झूठ बोल रहे हैं। बेरोजगारी, चरमराई अर्थव्यवस्था पर बातें नहीं करते। हम सच्चाई की बात करते हैं, तो देशद्रोही बता दिया जाता है।
अब जेल नहीं जाएंगे किसान
किसानों को साधते हुए गांधी ने कहा कि 20 हजार रुपए का कर्जा नहीं चुकाने वाले किसान को जेल में डाल दिया जाता है। बैंकों से हजारों करोड़ रुपए के कर्जे लेने वाले आजाद घूमें क्या यह आपको मंजूर है? लेकिन 2019 के चुनाव के बाद ऐसा नहीं होगा। कोई भी किसान कर्जा नहीं लौटाने पर जेल में नहीं जाएगा, यानि एक झटके में खत्म कहानी।
मोदीजी देते हैं सिर्फ जुमले
सभा में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी मोदी सरकार पर आक्रमण बोला। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी, पंडित नेहरू, सरदार पटेल, इंदिरा गांधी जैसे नेताओं के कारण देश का चहुंमुखी विकास हुआ है। उनके अथक प्रयासों से लोकतंत्र मजबूत बना है। कांग्रेस का घोषणा-पत्र जनता का एजेंडा है। मोदीजी जुमले देते हैं, सच कभी नहीं बोलते हैं।
छिडक़ते हैं गंगाजल
उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी मोदी सरकार पर आक्रमण बोला। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की हां में हां नहीं मिलने वालों के आयकर, प्रवर्तन विभाग, सीबीआई के छापे डलवाए जाते हैं। जो नेता किसी अन्य पार्टी से भाजपा में शामिल हो जाता है, तो गंगाजल छिडकऱ उसे बेदाग बता दिया जाता है। एनडीए सरकार देश के संवैधानिक ढांचे और संस्थानों को कुचलने, धर्म, जाति, राजनीति को हवा देने में जुटी है। कांग्रेस के कारण ही 70 साल से देश में लोकतंत्र जिंदा है। इस दौरान डॉ. रघु शर्मा, मसूदा विधायक राकेश पारीक, नसीम अख्तर इंसाफ, कमल बाकोलिया और अन्य ने भी संबोधित किया।
Updated on:
26 Apr 2019 09:34 am
Published on:
26 Apr 2019 09:34 am
