
रेलवे भर्ती : अब नए साल में होगी सवा करोड़ अभ्यर्थियों की परीक्षा
अजमेर.
रेलवे में लिपिक बनने के लिए लगभग सवा करोड़ अभ्यर्थियों को अब नए साल तक इंतजार करना पड़ेगा। गैर तकनीकी लोकप्रिय कोटि के तहत रेलवे में 35 हजार 277 लिपिक और इसके समकक्ष पदों पर भर्ती की जानी है। यह परीक्षा जून से सिंतंबर के बीच आयोजित की जानी थी लेकिन लंबे इंतजार के बावजूद इस भर्ती की प्रारंभिक लिखित परीक्षा की तिथि तय नहीं हो पाई है।
रेलवे में जूनियर क्लर्क, अकाऊंट क्लर्क, ट्रेन क्लर्क, सीनियर कामर्शियल क्लर्क, गुड्स गार्ड, सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट, स्टेशन मास्टर सहित लिपिकीय वर्ग में भर्ती के लिए फरवरी 2019 में अधिसूचना जारी की गई थी। इसके लिए एक मार्च से 31 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई। रेलवे भर्ती बोर्ड ने अधिसूचना के समय प्रारंभिक लिखित परीक्षा जून से सितंबर के बीच लेने की घोषणा की थी ।
इसलिए हो रही देरी
जानकारी के अनुसार बम्पर आवेदनों की वजह से ही परीक्षा व्यवस्थाएं करने में भी देरी हो रही है। आवेदन पत्रों की जांच और उसके बाद पूरे देश में एक साथ प्रारंभिक लिखित परीक्षा आयोजन के लिए रेलवे भर्ती बोर्ड को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है।
इन पद पर होनी है भर्ती
जूनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट- 4319
कॉमर्शियल कम टिकट क्लर्क- 4940
स्टेशन मास्टर-6865
गुड्स गार्ड-5748
सीनियर कॉमर्शियल कम टिकट क्लर्क- 5638
सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट- 2873
जूनियर अकाउंट्स अस्सिटेंट कम टाइपिस्ट- 3164
ट्रेन क्लर्क-592
अकाउंट्स क्लर्क कम टाइपिस्ट- 760
कॉमर्शियल अप्रेंटिस-259
ट्रेफिक असिस्टेंट- 88
जूनियर टाइम कीपर-17 व सीनियर टाइम कीपर-14
इनका कहना है-
एनटीपीसी के तहत क्लर्क भर्ती प्रारंभिक लिखित परीक्षा का कार्यक्रम तय नहीं हुआ है। रेलवे में फिलहाल सहायक लोको पायलट, तकनीकीय वर्ग भर्ती के पैनल बनाने सहित जूनियर इंजीनियर भर्ती के लिए दस्तावेज सत्यापन का कार्य चल रहा है।
-के.आर. चौधरी, अध्यक्ष रेलवे भर्ती बोर्ड अजमेर
Updated on:
20 Nov 2019, 11:29 PM IST
Published on:
20 Nov 2019, 11:29 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.