चन्द्र प्रकाश जोशी
राजस्थान की गहलोत सरकार ने नए जिलों की सौगात देकर माहौल कांग्रेस के पक्ष में बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इसके बावजूद जनता ने कांग्रेस को नकार दिया। अजमेर संभाग में पांच नए जिले बनाए, लेकिन इन सभी विधानसभा मुख्यालयों पर कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस सरकार ने चुनाव से कुछ माह पहले ही प्रदेश में नए जिलो की घोषणा की थी। इसके तहत अजमेर संभाग में पहले चरण में चार जिलों की घोषणा की गई। इनमें अजमेर का विभाजन कर ब्यावर एवं केकड़ी, भीलवाड़ा के शाहपुरा और नागौर के डीडवाना कुचामन को जिला बनाया। इसके बाद चुनाव आचार संहिता से कुछ दिन पूर्व कुचामन को अलग से नया जिला बनाने की घोषणा कर दी गई।