17 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

rajasthan election 2018: भामाशाह बॉन्ड पर लगे थे सीएम के फोटो, आचार संहिता में हुआ ये खेल

www.patrika.com/rajasthan-news

2 min read
Google source verification
cm photo bond distribute in area

cm photo bond distribute in area

पुष्कर. चावंडिया गांव स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र पर आचार संहिता के बीच लाभार्थियों को मुख्यमंत्री के फोटो लगे भामाशाह स्वास्थ्य बीमा के बॉन्ड बांटने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने इस कार्रवाई को आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए जांच की मांग की है।

चावंडिया के आंगनबाड़ी केंद्र पर करीब 500 से 700 भामाशाह स्वास्थ्य बीमा के बॉन्ड लाभार्थियों को बांटने का जिम्मा वहां कार्यरत आशा सहयोगिनी को सौंपा गया। लेकिन आगंनबाड़ी केन्द्र पर आचार संहिता को दरकिनार करते हुए मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की तस्वीर लगे भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना के बॉन्ड लाभार्थियों को घर-घर बंटवाए जाने की जानकारी मिली।

पत्रिका ने जब मौके पर जाकर जानकारी ली तो आंगनवाड़ी केंद्र पर काफी संख्या में बॉन्ड पाए गए। इन बॉन्ड को एकत्र करके ग्रामीणों को बांटा जा रहा था।

जांच की जाए

पंचायत समिति सदस्य के पिता गोपाल जांगिड़ ने इस कार्रवाई को आचार संहिता का सीधा उल्लंघन बताते हुए जांच की मांग की है। उनका कहना है कि आचार संहिता के दौरान लाभार्थियों को पक्ष में करने के लिए भाजपा के स्तर पर सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर सरकारी योजनाओं का प्रचार प्रसार कराया जा रहा है।
एक माह बाद नहीं ले सकेंगे लाभ

लाभार्थी प्रकाश सतरावला ने बताया कि उन्हें यह बॉन्ड मंगलवार को दिया गया है इस बॉन्ड की अवधि एक माह बाद खत्म हो जाएगी। बॉन्ड पर योजना का लाभ लेने की अंतिम दिनांक 12 दिसम्बर 2018 अंकित है। यदि ये पहले दिए जाते तो वे योजना में परिजन का उपचार कराने का लाभ ले सकते थे।

आचार संहिता के बीच भामाशाह स्वास्थ्य योजना के बॉन्ड बांटना सीधे तौर पर आचार संहिता का उल्लंघन है। इसकी जांच कराई जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ निश्चित कार्रवाई की जाएगी।
- हरि सिंह लम्बोरा, उपखंड अधिकारी व रिटर्निंग अधिकारी पुष्कर

मुझे 500 बॉन्ड बांटने के लिए दिए गए हैं। यह बॉन्ड लाभार्थियों को घर घर जाकर देने हैं। सरकारी आदेशों की पालना में बॉंन्ड बांटे जा रहे हैं।

- सुमन सतरावला, आशासहयोगिनी आंगन बाड़ी केन्द्र चावंडिया