
जेल में अब भी हो रही है वसूली!
अजमेर. सेन्ट्रल जेल में बंदियों से वसूली का खेल अभी थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बंदी के भाई ने सिविल लाइन थाने में मारपीट व सुविधा शुल्क मांगने का मामला दर्ज कराया है। वहीं शुक्रवार को जेल का निरीक्षण के दौरान बंदी से मुलाकात करने आए परिजन ने भी जेल से फोन कॉल आने और अवैध वसूली के आरोप लगाए।
पुलिस के अनुसार भिनाय क्षेत्र के कैरोट निवासी आसाराम कीर ने शिकायत दी कि उसका भाई सियाराम सेंट्रल जेल में बंदी है। जेल कर्मचारी उसके साथ मारपीट कर परेशान करते हैं। जेल प्रहरी इसके बदले उससे सुविधा शुल्क की मांग करते हैं। पुलिस ने मारपीट व धमका कर अवैध वसूली का मामला दर्ज कर लिया। मामले में अनुसंधान सहायक उप निरीक्षक शंकर सिंह कर रहे हैं।
फोन से करते हैं परेशान
शुक्रवार को अजमेर सेन्ट्रल जेल में बंदी से मिलने आई महिला ने बताया कि उसके पति का जेल के भीतर से कॉल आता है। उसके कॉल के बाद अन्य व्यक्ति उसको कॉल कर अनर्गल बातें कर परेशान करते हैं। उसने आरोप लगाया कि पूर्व में दो बार शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई।
सेटिंग के बदले 2 हजार
रिश्तेदार से मिलने आए दूसरे युवक ने बताया कि वह भी 7 माह तक जेल में रहा। उसके जेल में रहने के दौरान कुछ बंदी जेल परिसर में मोबाइल का इस्तेमाल करते थे। कई बार परिजन को कॉल कर सेटिंग करने व दो-दो हजार रुपए की डिमांड करते थे।
Published on:
21 Sep 2019, 3:00 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.