
राहत की खबर : अब शुगर व ब्लडप्रेशर मरीजों के लिए सस्ते ग्लूकोमीटर व बीपी इंस्ट्रूमेंट
चन्द्र प्रकाश जोशी
अजमेर. अगर आप शुगर और ब्लड प्रेशर के मरीज हैं तो आपके लिए राहत की खबर है। शुगर एवं ब्लड प्रेशर जांच के लिए अब आपको बार-बार अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। केन्द्र सरकार की ओर से प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केन्द्रों पर सस्ती दर पर ग्लूकोमीटर उपलब्ध हैं, जो बाजार रेट से मात्र आधी दर मिल रहा है। यही नहीं ब्लड प्रेशर नापने के लिए भी सस्ती दर बीपी इंस्ट््रूमेंट उपलब्ध होने वाला है। यही नहीं जेनरिक दवाइयां (Generic Medicin)भी बहुत ही कम लागत पर यहां उपलब्ध हैं।
जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में प्रशासनिक भवन के सामने प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि केन्द्र में पिछले दिनों से जेनरिक दवाइयां, इंजेक्शन सहित कई उपकरण बहुत ही कम सरकारी दर पर मिल रही है। एक ओर शुगर एवं ब्लडप्रेशर जांच के लिए निजी अस्पतालों एवं लैब आदि में जहां मरीजों से मनमानी दर वसूली जा रही है, वहीं अब मरीज अपने घर पर ही यह उपकरण रख सकता है। शुगर के मरीजों के लिए ग्लूकोमीटर एवं स्ट्रिप, निडल आदि की दर बहुत ही कम है। अब मरीज खुद घर पर ही शुगर जांच कर सकता है। यही नहीं ब्लड प्रेशर उपकरण की भी जल्द सप्लाई होने वाले है, जो बाजार लागत से बहुत कम दर पर उपलब्ध होगा। जनऔषधि केन्द्र से अब तक 349 ग्लूकोमीटर की खरीद मरीज/आमजन कर चुके हैं।
जेनरिक दवाइयों की रेट भी बहुत कम
दवा केन्द्र की रेट बाजार रेट रुपए
लिविट्रासिटाम (10 टेबलेट) 56 250
इट्राकोनाझोल 5 20
खांसी की सीरप 23 50
ग्लूकोमीटर 525 1000
इनका कहना है...
प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि केन्द्र में सस्ती जेनरिक दवाइयों (Generic Medicinके साथ बाजार से आधी रेट में शुगर जांच के लिए ग्लूकोमीटर मिल रहा है। इसमें 25 स्ट्रिप व निडल भी साथ में मिल रही है। जल्द ब्लडप्रेशर इंस्ट्रूमेंट भी आने वाला है।
नरेन्द्र वर्मा, फार्मासिस्ट, जनऔषधि केन्द्र, जेएलएनएच
भारतीय जनऔषधि केन्द्र में ग्लूकोमीटर की आमजन तो खरीद कर ही रहे हैं, वहीं अस्पताल के सभी विभागों में भी यही ग्लूकोमीटर की सप्लाई कराई गई है। केन्द्र से विक्रय होने वाली दवाइयों की राशि का 20 प्रतिशत हिस्सा आरएमआरएस (अस्पताल) में जमा हो रहा है।
डॉ. अनिल जैन, अधीक्षक, जेएलएनएच
Published on:
1 Oct 2019, 5:30 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.