
Murder News : डयूटी से लौटा तो घर में खून से लथपथ पड़ी मिली लाश
ब्यावर (अजमेर).
ब्यावर की रहने वाली एक विवाहिता की अहमदाबाद (Ahmdabad ) में निर्मम हत्या (Murder ) हो गई। पुलिस को उसके फ्लैट में ही खून से सनी लाश मिली है। स्थानीय अडालज थाना पुलिस ने मृतका के शव को अपने कब्जे में ले लिया है और पुलिस हत्याकांड के सभी पहलूओं की गहनता से जांच में जुटी हुई है। मृतका के दो साल की बेटी भी है और वह पति के साथ रह रही थी। जांच में जुटी पुलिस को डकैती या लूटपाट की वारदात के चलते हत्या किए जाने का शक है। हालांकि पुलिस सभी पहलूओं की जांच कर रही है और फिलहाल हत्या किन कारणों के चलते हुई इसका खुलासा नहीं किया है।
जांच में जुटी अडालज थाना पुलिस ने मृतका की पहचान गुंजन शर्मा (26) के रूप मेें की है। गुंजन शर्मा अपने पति सुधीर शर्मा के साथ सुगाड़ क्षेत्र के अगोरा मॉल के पास अटलांटिस पार्क में ब्लू एच ब्लॉक में फ्लैट नंबर 202 में रहती है।
मां-बेटी सो रही थी-
हत्या के समय दो साल की बेटी बेडरूम में ही सो रही थी। मृतका का पीहर भी ब्यावर के बांठिया गली पीपलिया बाजार में ही है। पुलिस के अनुसार जब यह घटना हुई तो उसकी दो वर्षीय पुत्री फ्लैट के ड्राइंग रूम में थी और वह सो रही थी। उसका पति सुधीर शर्मा पालड़ी में सरदार वल्लभभाई पटेल अस्पताल में नर्सिंग प्रभारी का काम करता है और वह सोमवार सुबह 7.45 से 6 बजे के बीच ड्यूटी पर था। शाम को जब वह घर लौटा, तो उसने दरवाजा आधा खुला पाया। उसने दरवाजा खोला तो भीतर उनकी पत्नी की खून से लथपथ लाश पड़ी थी।
गला दबा कर की हत्या-
मौके पर पहुंची पुलिस का मानना है कि मृतका की मौत गला दबाने से हुई। मृतका की गर्दन के दाहिनी ओर एक घाव भी मिला है जो कि संभवत: किसी धारदार हथियार से किए जाने की आशंका है। पुलिस ने इस घाव के चार इंच गहरा और चार इंच लंबा होने की जानकारी दी है। अडालज थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अहमदाबाद रवाना हुए परिजन-
सूचना मिलने पर ब्यावर से सुधीर के पिता चन्द्रप्रकाश शर्मा, जो अमृतकौर चिकित्सालय में नर्सिंग अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं और मृतका के पिता गिरीराज शर्मा आदि परिजन अहमदाबाद पहुंचे और पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया। परिजन शव लेकर देर शाम ब्यावर के लिए रवाना हो गए। परिजन बुधवार को शव लेकर ब्यावर पहुंचेंगे।
Published on:
17 Dec 2019, 10:56 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.