
rpsc exam 2018
अजमेर.
राजस्थान लोक सेवा आयोग की पुलिस उप निरीक्षक/प्लाटून कमांड भर्ती-2016 के तहत एसएसओ-आईडी से नए ऑनलाइन आवेदन भरने का काम पूरा हो गया। सोमवार तक आवेदन करने की अंतिम तिथि थी। अब आयोग परीक्षा तैयारी में जुटेगा।
सचिव पी. सी. बेरवाल ने बताया कि आयोग ने उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर के पदों की भर्ती परीक्षा-2016-17 के तहत 7 अक्टूबर से 6 नवम्बर 2016 तक तथा 3 अप्रेल एवं 25 जुलाई 2018 को शुद्धि पत्र के तहत भी ऑनलाइन आवेदन मांगे थे। जिन अभ्यर्थियों ने पूर्व में राजस्थान लोक सेवा अयोग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किए थे। इनसे एसएसओ आईडी रिक्रूटमेंट पोर्टल के माध्यम से फिर से नवीन ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। अभ्यर्थियों को पुराने आवेदन क्रमांक की जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक भी दिया गया। अब आयोग परीक्षा तैयारी में जुटेगा। परीक्षा 7 अक्टूबर को होगी।
कई बार छात्रों को खदेडऩा पड़ा पुलिस को
छात्रसंघ चुनाव मतगणना के दौरान सभी संस्थाओं के बाहर जबरदस्त गहमा-गहमी रही। पुलिस को परस्पर नारेबाजी के चलते कई बार छात्रों को खदेडऩा पड़ा।
सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय के बाहर पुलिस ने बेरीकेडिंग लगाकर छात्रों को रोका। यहां कई बार नारेबाजी और हुड़दंग जैसा माहौल बन गया। यह देखकर पुलिसकर्मियों ने लाठियां फटकाकर कर छात्रों को कई बार हटाया। क्यूआरटी और पुलिस के घुड़सवार दल ने भी मोर्चा संभाले रखा। पुलिसकर्मियों की बार-बार चेतावनी और सख्ती देखकर कई छात्र आसपास की गलियों में भागते नजर आए। मालूम हो कि 31 अगस्त के मतदान के दिन भी महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय के बाहर पुलिस ने लाठियां फटकारी थी। एनएसयूआई और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों में परस्पर नारेबाजी के चलते माहौल कुछ देर के लिए तनाव पूर्ण हो गया था।
पिछले साल हुआ था ये हाल...
पिछले साल 4 सितम्बर को मतगणना के दौरान जीसीए चौराहे पर छात्रों की नारेबाजी और हुड़दंग के चलते पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। कई छात्र गिरते-पड़ते गलियों और सेंट फ्रांसिस अस्पताल और अन्य जगह घुस गए थे। यहां भी पुलिस ने इन पर लाठियां बरसाई थी। साल 2016 में भी जीसीए चौराहे पर लाठीचार्ज किया था। यहां सेंट एन्सलम्स स्कूल के आसपास पुलिस के घुड़सवार दल ने कांग्रेस नेताओं, एनएसयू्आई के पदाधिकारियों और छात्रों पर लाठियां बरसाई। इससे कई लोगों के सिर, हाथ-पैर में चोटें पहुंची थी।
Published on:
12 Sep 2018, 7:20 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.