
पुरानी रंजिश में आखरी गांव में युवक की हत्या
अजमेर. गेगल थाना क्षेत्र के आखरी गांव में सोमवार देर रात युवक पर कुछ लोगों ने घात लगाकर हमला कर दिया। हमले में जीप में तोडफ़ोड़ कर दी। जख्मी युवक को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे। उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। रिपोर्ट पर गेगल थाना पुलिस ने रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज किया है।
थानाप्रभारी नन्दू सिंह ने बताया कि सोमवार रात खेत पर जा रहे सरवाड़ हाल गेगल आखरी निवासी भैरूलाल गुर्जर (34) पुत्र गोपाल गुर्जर पर आखरी गांव के नन्दलाल गुर्जर, गोपी गुर्जर, महेन्द्र, रामकरण गुर्जर गुट ने पुरानी रंजिश में हमला कर दिया। हमलावरों ने वाहन में तोडफ़ोड़ कर दी जबकि भैरूलाल बुरी तरह से जख्मी हो गया। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए। देर रात परिजन भैरूलाल को उसके परिजन जवाहरलाल नेहरू अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर गेगल थाना पुलिस पहुंची। पुलिस ने परिजन की रिपोर्ट पर देर रात हत्या का मुकदमा दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
जा रहा था खलियान
परिजन ने बताया कि भैरूलाल गुर्जर सोमवार रात 12 बजे घर पर कृष्ण जन्माष्टमी का व्रत खोला। इसके बाद वह खेत पर मजदूर मूंग की फसल निकाल रहे थे। वह मजदूरों के लिए खाना लेकर घर से निकला था। खेत में पहुंचता उससे पहले ही रास्ते में घात लगाकर बैठे आरोपियों ने हमला कर दिया। भैरूलाल के हाथ पैर तोड़ दिए। शरीर पर लगी गम्भीर चोट से खून ज्यादा बह जाने से भैरूलाल की मौत हो गई।
पारिवारिक रंजिश में हत्या
पुलिस पड़ताल में सामने आया कि मृतक भैरूलाल पूर्व सरपंच जगदीश गुर्जर के साले का बेटा है। भैरूलाल बचपन से जगदीश के पास रह रहा है। जगदीश गुर्जर का पड़ौस नन्दलाल गुर्जर और उसके परिवार से पुरानी रंजिश चल रहे है। इससे पूर्व में भी जगदीश गुर्जर व अन्य पर नन्दलाल गुर्जर के पिता रायमल पर जानलेवा हमले का मुकदमा कोर्ट में विचाराधीन है।
Updated on:
31 Aug 2021, 9:38 AM IST
Published on:
31 Aug 2021, 9:38 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.