
सीमित रहेगी झांकियों की संख्या, देना होगा शपथ-पत्र, सर्वसमाज करेगा स्वागत
धौलपुर. जिले में महावीर जयंती, हनुमान जयंती, रामनवमी एवं रमजान माह के दौरान निकलने वाली शोभायात्राओं में झांकियों की संख्या सीमित रखी जाएगी। साथ ही आयोजनकर्ताओं को शपथ-पत्र भी देना होगा। वहीं, शहर में विभिन्न समाजों के लोग इन शोभायात्राओं का स्वागत कर सामाजिक सद्भाव का परिचय देंगे। कार्यक्रम के आयोजन कर्ताओं की बैठक का आयोजन शनिवार को जिला कलक्टर राकेश कुमार जायसवाल की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में जायसवाल ने कहा कि त्योहारों के समय में जिले में शांति, सौहार्द एवं सद्भाव बनाए रखना हम सभी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आयोजन समिति के सदस्य जब भी उनके क्षेत्रों में कोई धार्मिक आयोजन, उत्सव हो ऐसे में वहां सौहार्द बनाए रखने में मददगार बनें। उन्होंने कहा कि रामनवमी को निकलने वाली शोभायात्रा में झांकियों की सीमा कम होनी चाहिए, हमेंं आज के परिपेक्ष्य को समझते हुए मिलजुल कर भाईचारा बनाते हुए सभी आयोजकों द्वारा कानून के दायरे में रहकर आयोजन किया जाए। कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। आयोजक होने के नाते आपकी भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है इसलिए मन एवं भावना ठीक होनी चाहिए। आयोजकों द्वारा प्रशासन के अधिकारियों को अवगत कराया कि शांति, सौहार्द एवं सद्भाव बनाए रखेंगे।
आयोजक देंगे शपथ पत्र
शपथ-पत्र में आयोजनकर्ताओं का नाम, पता और जनआधार कार्ड, आयोजन करने वाली संस्था का ब्यौरा, आयोजन में डीजे का इस्तेमाल नहीं करना, आयोजन धार्मिक, सामाजिक एवं राजनीतिक होगा या शोभायात्रा की सूचना देनी होगी। स्वयंसेवकों का नाम एवं उनका मोबाइल नम्बर भी देना होगा।
डीजे पर रहेगा पूर्णत: प्रतिबन्ध
जिले में आयोजित होने वाले महावीर जयंती, हनुमान जयंती, रामनवमी शोभायात्रा पर डीजे पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। आयोजक डीजे के स्थान पर ढोल नगाड़े, बैंड-बाजे का इस्तेमाल कर सकते हैं। स्वागत करने वाले स्थानों पर भी डीजे प्रतिबंधित रहेगा, उल्लघंन करने वाले डीजे को तत्काल जब्त कर लिया जाएगा।
रामनवमी शोभायात्रा का साढ़े 8 बजे समापन
रविवार को निकलने वाली रामनवमी शोभायात्रा 3 बजे प्रारम्भ कर आयोजकों द्वारा रात्रि 8.30 बजे समापन किया जाएगा। रामनवमी एवं हनुमान जयंती शोभायात्रा महात्मा नंद की बगीची से प्रारम्भ होकर टाउन चौकी, फूटा दरवाजा, हॉस्पीटल, जगन टॉकिज, सराय गजरा रोड, लाल बाजार, हनुमान तिराहा, पुरानी सब्जी मण्डी, तोप तिराहा, बजरिया, गडरपुरा होकर निकाली जाएगी। रूट चार्ट में संशोधन किया गया है कि धूलकोट रोड, रोडवेज बस स्टैंड और सन्तर रोड होकर यात्रा नहीं निकाली जाएंगी।
हनुमान जयंती में होंगी 35 झांकियां
हनुमान जयंती पर निकलने वाली यात्रा में 35 झांकियॉ रहेंगी। इनमें 30 बाहर से आने झांकियां व 5 स्थानीय झांकियां रहेंगी। 2 बजे पूजा पाठ किया जायेगा, 3 बजे यात्रा प्रारम्भ की जायेगी। यात्रा में 7 बैंड रहेंगे। हनुमान जयंती की शोभायात्रा का रात्रि 9 बजे समापन किया जाएगा।
सर्वसमाज करेगा सद्भावना स्वागत
शोभायात्रा का मुस्लिम एवं जैन समाज द्वारा 15 जगह स्वागत कर कौमी एकता की मिशाल पेश की जाएगी। महात्मानंद की बगीची पर सद्भावना स्वागत जाकिर हुसैन, शरीफ खान, परवेज खान, गंज पुलिस चौकी पर मुन्ना अब्बासी, लाला मिस्त्री, फूटा दरवाजा पर जाहिद कुरैशी, नौगजा हॉस्पीटल रोड पर मतीन खां गौरी, मुस्ताक कुरैशी, फद्दी खां का चौराहा पर आजाद खान पार्षद, गौरव होटल पर शरीफ खान, जाकिर हुसैन, मुबीन फारूखी, जगन चौराहे पर अकील अहमद टीम, निहालगंज चौकी पर जाकिर हुसैन, परवेज खान, राजाबेटी हॉस्पीटल पर अफताब खान, साजिद, तोप तिराहा पर आबिद मिर्जा, शिया समाज बजरिया रोड पर सगीर जाफरी द्वारा शोभायात्रा का स्वागत किया जाएगा।
Updated on:
10 Apr 2022, 1:46 AM IST
Published on:
10 Apr 2022, 1:46 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.