
पुलिस फुटेज देखती रही, सुरक्षित रास्ते से अजमेर छोड़ गए लुटेरे
अजमेर. कचहरी रोड पर व्यवसायी अनिल जिन्दल के यहां लूटपाट करने वाले नेपाली गैंग ने ना केवल लूट का प्लान पहले से तैयार कर रखा था, बल्कि अजमेर शहर को छोड़कर निकलने के लिए भी उन्होंने पूरी तैयारी कर रखी थी। पुष्कर रोड आनासागर नई चौपाटी तक ऑटो रिक्शा से पहुंचने के बाद तीनों लुटेरे कौनसे वाहन से किस दिशा और किस मार्ग से कहां गए पुलिस अब तक सुराग नहीं लगा सकी है।
पकड़ से दूर निकले आरोपी
विस्फोटक कारोबारी अनिल जिन्दल के घर में हुई लूट की वारदात के बाद बीत रहे हर दिन के साथ आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर निकलते जा रहे हैं। वारदात के 48 घंटे बाद भी पुलिस आरोपियों के आनासागर नई चौपाटी से आगे की दिशा में जाने की राह और जरिया पता नही ंलगा सकी है। वारदात के बाद पुलिस जब सीसीटीवी कैमरे में फुटेज खंगाल रही थी तब तक आरोपी शहर छोड़कर निकलने में कामयाब हो गए।
तीस मिनट में ले सकी फुटेज
जानकारों के मुताबिक वारदात के बाद पुलिस ने शहर के मुख्य मार्गो, रेलवे स्टेशन, रोडवेज व प्राइवेट बस स्टैण्ड पर नाकाबंदी व निगरानी लगा दी लेकिन वारदात के बाद जिन्दल के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से आरोपियों की तस्वीर हासिल करने में आधे घंटे से ज्यादा का समय लग गया। फुटेज के लिए तकनीशियन आने में ही 20 मिनट से ज्यादा लगे। फिर उसने फुटेज निकाली। तब तक काफी समय गुजर चुका था। इसके बाद पुलिस ने फुटेज के आधार पर तलाश शुरू की।
सुरक्षित रास्ते से निकले बाहर
नेपाली गैंग ने लूट की वारदात शातिराना अंदाज में अंजाम दी। आरोपियों द्वारा शहर के मुख्य मार्ग को नहीं अपना कर सीसीटीवी कैमरों की जद से बाहर रहे हिस्से को शहर छोड़ने के लिए काम में लिया जाना माना जा रहा है। अक्सर ऐसी जगहों पर पुलिस की नाकाबंदी भी नहीं रहती। पुलिस जब तक सक्रिय हुई तब तक आरोपी शहर छोड़ चुके थे।
तलाश में जुटी टीमें
लुटेरों की तलाश में कोतवाली थाना पुलिस के अलावा जिला स्पेशल टीम व साइबर सैल जुटी हुई है। पुलिस पड़ोसी राज्यों की पुलिस से भी आरोपियों की तलाश के लिए मदद ले रही है। पुलिस को आरोपियों के राज्य से बाहर निकलने की संभावना है।
चोरी व जहरखुरानी का मामला दर्ज
प्रकरण में अनिल जिन्दल की पत्नी अरुणा ने कोतवाली थाने में चोरी व जहरखुरानी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। उन्होंने रिपोर्ट में बताया कि घर पर उसके अलावा पति, दो बच्चे व सास गुणवती देवी रहती हैं। नौकर कृष्ण कुमार 20-25 दिन से साथ रहता था। 21 सितम्बर दोपहर वह बेटे रिषभ के साथ जयपुर आ गई। रात 9 बजे बेटी खुशी ने सूचना दी कि घर में 3-4 व्यक्ति घुसकर चोरी कर रहे हैं। उसने पुलिस को सूचना दे दी। वह बेटे के साथ आई तो पति व सास बेहोशी की हालत में अस्पताल में मिले। बेटी खुशी भी अर्द्धचेतनावस्था में थी। होश में आने पर खुशी ने बताया की नौकर कृष्णा व उसके साथी अलमारी तोड़कर नकदी व ज्वैलरी चोरी कर ले गए। बेटी खुशी नौकर कृष्णा और उसके साथियों को पहचान सकती है।
इनका कहना है...
प्रकरण में तलाश की जा रही है। जल्द ही सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
छवि शर्मा, वृत्ताधिकारी अजमेर-उत्तर
Published on:
24 Sep 2022, 1:41 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.