अजमेर. रामगंज थाना क्षेत्र स्थित भगवान गंज चौराहे पर बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया। भगवान गंज स्थित चार दुकानों के ताले तोड़ चोर करीब 30 हजार रुपए का माल चुरा ले गए।जानकारी के अनुसार चोरी की वारदात का पता सुबह दुकान खोलने आए दुकानदारों को लगा। दुकानदार जब दुकानों पर पहुंचे तो उनकी दुकानों के शटर के ताले टूटे मिले।
इसकी जानकारी उन्होंने पुलिस को दी। पुलिस की मौजूदगी में दुकानदारों ने जब दुकानें खोली तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। दो दुकानों के गल्ले भी टूटे हुए थे। चोरों ने नकदी व मान सहित करीब 30 हजार के माल पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने दो मीट की दुकानों, एक जनरल स्टोर व एक चिकित्सक के क्लीनिक पर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।