28 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

डूबने से मौत : घर से नहाने खेत के पौण्ड पर गए थे,वापस शव लौटे

फॉर्म पौण्ड में डूबने से दो भाइयों की मृत्यु , टोंक जिले के कोटड़ी गांव की घटना, बिना पोस्टमार्टम शव परिजन को सौंपा

less than 1 minute read
Google source verification
Two brothers died after drowning in pond

डूबने से मौत : घर से नहाने खेत के पौण्ड पर गए थे,वापस शव लौटे

केकड़ी (अजमेर).

उनको क्या पता कि जिस पौण्ड में वे नहाने जा रहे हैं। वहां से जिंदा भी लौटेंगे या नहीं। घर से खुशी-खुशी दोनों चचेरे भाई खेत स्थित पौण्ड पर नहाने गए थे। इस दौरान घर वालों को भी नहीं बताया। काफी देर तक दोनों के घर नहीं लौटने पर परिजन को चिंता हुई। किसी राहगीर की सूचना पर खेत पर जाकर देखा तो पौण्ड के पास ही उनके कपड़े रखे हुए थे। इस पर किसी अनहोनी की आशंका हुई। बाद में पौण्ड से दोनों भाइयों के शव बरामद हुए।

हादसे के बाद से परिजन गहरे सदमे में हैं। बेटों का शव देखतेे ही माता-पिता सुध-बुध खो बैठे। दिनभर घर पर विलाप होता रहा। घर के दो चिराग हमेशा के लिए बुझ गए। शोक के मारे अजमेर जिले की सरहद पर बसे टोंक जिले के कोटड़ी गांव में शुक्रवार को किसी के घर चूल्हे नहीं जले।

पौण्ड में शव आए नजर

कोटड़ी तहसील टोडारायसिंह (जिला टोंक) निवासी चरण गुर्जर (१०) पुत्र शंकर एवं राजवीर गुर्जर (१०) पुत्र प्रधान घर पर बिना किसी को बताए खेत में बने फॉर्म पौण्ड में नहाने चले गए। बताते हैं कि दोनों रिश्ते में भाई हैं। शाम करीब ५.३० बजे खेतों से लौट रहे एक किसान को पौण्ड के बाहर बच्चों के कपड़े नजर आए। उसने पौण्ड में झांक कर देखा तो दोनों बच्चों के शव तैरते दिखे।

सूचना पर मौके पर जमा हुए ग्रामीणों ने दोनों शव बाहर निकाल केकड़ी के राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर केकड़ी थाना पुलिस के हैड कान्स्टेबल गणेश शर्मा अस्पताल पहुंचे। दोनों बच्चों के परिजन ने मृत्यु के कारणों में किसी प्रकार का शक शुबहा नहीं होने की बात कहकर पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों शव परिजन को सौंप दिए।