
अजमेर में एनआरसी का विरोध, केंद्रीय मंत्री नकवी को दिखाएंगे काले झंडे
अजमेर. नागरिकता संशोधन अधिनियम के विरोध में मंगलवार रात लोटन शाह दरगाह (dargah) के पास सीसा खान में एनआरसी विरोध संघर्ष समिति की बैठक हुई। इसमें मुस्लिम समाज के कई लोग शामिल हुए। उन्होंने इस कानून को संविधान विरोधी बताते हुए शुक्रवार को घरों, दुकानों, संस्थानों और वाहनों पर विरोध स्वरूप काले झंडे व बांहों पर काली पट्टी लगाकर विरोध जताने का निर्णय किया। बैठक में मुस्लिम महासभा ने गुरुवार को केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलात मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी की अजमेर यात्रा का विरोध करने और उन्हें काले झंडे दिखाने की बात कही है।
समिति में शामिल लोगों ने कहा कि केंद्र सरकार ने विशिष्ट वर्ग को लाभ पहुंचाने के लिए देश के बहुसंख्यक समुदाय के संविधान अधिकारों को कुचलने का प्रयत्न किया है। संघर्ष समिति ने जामिया और अलीगढ़ में पुलिस कार्रवाई की भी निंदा की। मुस्लिम महासभा के शाहनवाज बेग और गुलफान सिद्दीकी ने कहा कि नकवी के आगमन पर उन को काले झंडे दिखाएंगे और ख्वाजा मॉडल स्कूल के सिल्वर जुबली कार्यक्रम का बहिष्कार करेंगे।
एनआरसी संघर्ष समिति की बैठक में सैयद गुलाम मुस्तफा चिश्ती, इल्मुद्दीन खान, मुनव्वर काजी, मोहम्मद शाकिर खान, जाकिर हुसैन कायमखानी, आरिफ हुसैन, मुख्तार अहमद, नवाब मंसूर खान, हुमायूं खान, गौहर चिश्ती, यासिर चिश्ती, जुल्फिकार चिश्ती, साबिर खान, जुबेर सैयद आमद चिश्ती, हाजी शकील अब्बासी, बशीर मोहम्मद घोसी, सईद खान, इमरान खान सहित मुस्लिम समाज के कई लोगों ने शिरकत की।
Published on:
18 Dec 2019, 12:39 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.