
1st Grade Exam : पेपर से पहले यह कैसी 'परीक्षा'
अजमेर. भर्ती परीक्षा की तिथि आगे बढ़ाने की मांग को लेकर कई दिनों चले आंदोलन के बीच स्कूल व्याख्याता भर्ती परीक्षा शुक्रवार से शुरू हो गई। लेकिन पेपर देने से पहले ही अभ्यर्थियों को एक अलग परीक्षा से गुजरना पड़ा। कड़ाके की ठंड में 300 से 450 किलोमीटर दूर से अभ्यर्थी परीक्षा देने विभिन्न सेंटरों पर पहुंचे। इनमें कई महिला अभ्यर्थी भी थीं जिन्हें छोटे बच्चों के साथ परीक्षा देने जाना पड़ा। हाड़ कंपा देने वाली सर्दी में एक संभाग से दूसरे संभाग मुख्यालय में परीक्षा केंद्र आवंटन को लेकर अभ्यर्थियों में गहरी नाराजगी देखने को मिली।
गंगानगर, बीकानेर के अभ्यर्थियों को जहां जयपुर जाना पड़ा वहीं जयपुर के अभ्यर्थियों ने बीकानेर में परीक्षा दी। अजमेर में सीकर और झुंझुनूं से कई अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे। सीकर से परीक्षा देने अजमेर आए किशनलाल सैनी, राजेन्द्र कुमार आदि अभ्यर्थियों ने कहा कि आने-जाने के अलावा उन्हें रहने की भी दिक्कत हुई है। होटलों में जहां एक हजार रुपए देने पड़े वहीं बस-टेम्पों आदि को भी चार गुना किराया चुकाना पड़ा। सबसे बड़ी समस्या यह थी कि पहला पेपर देने के बाद अभ्यर्थियों को दूसरी पारी का पेपर देने के लिए दूसरे परीक्षा केंद्र के लिए दौड़ लगानी पड़ी। कई अभ्यर्थी ऐसे भी थे जो गुरुवार सुबह अपने गांव से चले और देर रात अपने परीक्षा केंद्र वाले शहर पहुंचे। इस कारण कइयों ने सड़क पर ही रात गुजारी। श्रीडूंगरगढ़ से अजमेर आए अभ्यर्थी महेश कुमावत ने बताया कि वह सुबह 10 बजे अपने गांव से चला और रात 3 बजे अजमेर पहुंचा।
अलाव का लिया सहारा
पहली पारी में सामान्य ज्ञान का पेपर सुबह 9 बजे शुरू होना था और एक घंटे पहले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना था लेकिन इससे काफी देर पहले ही अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों के बाहर पहुंच गए। वहां आस-पास अलाव जलाकर सर्दी से बचने का जतन किया।
छोटे बच्चों के साथ आना पड़ा
कई महिला अभ्यर्थियों को अपने छोटे बच्चे को साथ लेकर आना पड़ा। सर्दी के कारण बच्चों के भी बुरे हाल थे। महिला अभ्यर्थी के परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने के बाद साथ आए अभिभावकों ने बच्चों को संभाला।
करंट जीके गायब
स्कूल व्याख्याता भर्ती परीक्षा में सामान्य ज्ञान के पेपर में वर्ष 2018 के सवाल होने पर अभ्यर्थियों ने सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि करंट जीके के कुछ सवाल 2018 के थे। इस बारे में परीक्षार्थियों का कहना था कि यह 2018 में बनाया गया पेपर है। विशेषज्ञों का कहना है कि अभी सामान्य ज्ञान की दो अन्य परीक्षाएं भी होनी हैं। संभवतया उसमें करंट जीके में लेटेस्ट सवाल आएं।
कहां कितनी रही उपस्थित
अजमेर में पहली पारी में 48.78 प्रतिशत और दूसरी पारी में 49.43 प्रतिशत उपस्थिति रही। भरतपुर में पहली पारी में 40.57 प्रतिशत और दूसरी पारी में 40.53 प्रतिशत, बीकानेर में पहली पारी में 51.77 प्रतिशत और दूसरी पारी में 55.62 प्रतिशत, जयपुर में पहली पारी में 50.09 प्रतिशत और दूसरी पारी में 50.13 प्रतिशत, जोधपुर में पहली पारी में 42.15 प्रतिशत और दूसरी पारी में 44.57 प्रतिशत, कोटा में पहली पारी में 41.79 प्रतिशत और दूसरी पारी में 43.41 प्रतिशत, उदयपुर में पहली पारी में 51.28 प्रतिशत और दूसरी पारी में 51.70 प्रतिशत उपस्थिति रही।
Updated on:
4 Jan 2020, 1:40 AM IST
Published on:
4 Jan 2020, 1:40 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.