
Aligarh Twinkle Sharma Murder Case
अलीगढ़। महज 10 हजार रुपये के लिये ढाई साल की मासूम बच्ची को दर्दनाक मौत दी गई। दरिंदों ने बच्ची की आंखें निकाल लीं। सीधा हाथ जड़ से उखाड़ दिया और गला घोंटकर उसे मौत की नींद सुला दिया। पुलिस ने इस मामले के चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में लापरवाही बरतने वाले थाना प्रभारी समेत पांच पुलिस वालों को अभी तक निलंबित किया जा चुका है, लेकिन देश का गुस्सा शांत नहीं है। सोशल मीडिया पर #justiceforTwinkle जस्टिस फॉर ट्विंकल अभियान चलाया जा रहा है। अलीगढ़ में वकीलों ने पीडि़त बच्ची के परिवार का साथ देने का फैसला किया है। अलीगढ़ बार एसोसिएशन ने ऐलान किया है कि कोई भी वकील इस मामले के आरोपितों का केस नहीं लड़ेगा।
ये है दिल दहला देने वाली पूरी घटना
थाना टप्पल के अंतर्गत बूढ़ा गांव में ढाई साल की ट्विंकल शर्मा पुत्री बनवारी लाल शर्मा 30 मई, 2019 को घर के बाहर से खेलते हुए लापता होती है। 31 मई को ट्विंकल की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना टप्पल में दर्ज कराई गई। दो जून की सुबह ट्विंकल का शव आरोपी जाहिद के घर के पास कूड़े के ढेर में सफाई कर्मचारी को दिखाई दिया। कपड़े की गठरी को कुत्ते खींच रहे थे। उसने पुलिस को जानकारी दी। कपड़े की गठरी खोलकर देखी गई तो उसमें ट्विंकल का क्षत-विक्षत शव मिला। यह देख परिजनों के होश उड़ गये। बच्ची की ऐसी हालत ने सभी को झकझौर कर रख दिया।
वायरल हुई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ ऐसा खुलासा
इस हत्या के बाद बच्ची की पोस्टमार्टम रिपोर्ट वायरल हुई। अगर ये रिपोर्ट वास्तव में ट्विंकल की है तो इसे पढ़ने के लिए हर किसी को बहुत हिम्मत की जरूरत है, क्योंकि ये रिपोर्ट आपको अंदर तक हिलाकर रख देगी। इस रिपोर्ट के मुताबिक बच्ची के शरीर में छोटी व बड़ी आंत, किडनी, यूरिनरी ब्लैडर, जनिटल्स नहीं मिले। बच्ची के शरीर में आंखें नहीं थीं, उसके हाथ पैर उसकी हत्या से पूर्व काटे गए थे। पत्रिका रिपोर्ट की सत्यता की पुष्टि नहीं करता।
परिजनों ने उठाया ये बड़ा सवाल
पुलिस ने बच्ची की हत्या का भले ही पर्दाफाश करने का दावा किया हो, लेकिन परिजनों के मन में आज भी तमाम सवाल हैं। बच्ची अपने मकान से नहीं, बाबा के मकान से गायब हुई थी। पुलिस ने दावा किया था कि वह खेलते हुई हत्यारोपित जाहिद के घर पहुंची थी। 30 मई को बच्ची नहाने के बाद करीब साढ़े आठ बजे अपने घर से निकली थी। चंद कदम दूरी पर उसके परिवार के बाबा का घर है। बच्ची की मां ने बताया कि इन दो घरों के अलावा वह कहीं नहीं जाती थी। बाबा के घर का एक दरवाजा पीछे की ओर खुलता है,जो आम रास्ता है। इसी दरवाजे के पास वह खेल रही थी, जिसे उसकी दादी व अपने अन्य परिजनों ने देखा थ। कुछ देर बाद ही गायब हो गई। 12 बजे तक उसे तलाश किया गया, लेकिन नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तहरीर तो ले ली, लेकिन गुमशुदगी दर्ज नहीं की। अगले दिन गुमशुदगी दर्ज की। पुलिस ने हत्याकांड का पर्दाफाश कर बताया था कि बच्ची खेलते हुए जाहिद के घर पहुंची थी। जहां से उसे बिस्कुट के बहाने अपने घर में ले गया। बच्ची की मां व पिता ने कहा कि जो भी हुआ हो, हमें न्याय चाहिए।
Published on:
9 Jun 2019, 8:32 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.