
अलीगढ़। 'बेबी डॉल मैं सोने दी' फेम सिंगर कनिका कपूर के खिलाफ अलीगढ़ पुलिस ने एक शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की है। जिसमें उनके मैनेजर सहित एजेंट को भी आरोपी बनाया गया है। पेमेंट लेने बाद भी कनिका कपूर प्रोग्राम में गाने के लिए नहीं आयीं थीं। इवेंट मैनेजर ने उनके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला बन्नादेवी थाने में दर्ज कराया है।
पेमेंट लेने के बाद भी नहीं आयीं
अलीगढ़ के नुमाइश मैदान में बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर का 22 जनवरी को कार्यक्रम था। इसके लिए कनिका ने 24 लाख 74 हजार रुपए का एडवांस पेमेंट भी लिया, लेकिन इसके बावजूद वो इस कार्यक्रम में नहीं आयीं थी। इसके बाद इवेंट मैनेजर मनोज शर्मा ने सिंगर कनिका कपूर, उनकी मैनेजर श्रद्धा और एजेंट संतोष के खिलाफ बन्नादेवी थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है।
22 जनवरी को होना था कार्यक्रम
मनोज शर्मा के मुताबिक राजकीय औद्योगिक कृषि प्रदर्शनी में कनिका कपूर का कार्यक्रम कराने का अनुबंध नुमाइश प्रशासन ने इवेंट कंपनी से किया था। 22 जनवरी को कार्यक्रम होना था। इसके लिए 24 लाख 74 हजार कनिका की फीस थी। इसके साथ 18 लाख उनके ठहरने आदि के लिए था। स्पोर्टिंग सिंगर टीम पर भी करीब तीन लाख का खर्चा था। इस तरह कुल 45 लाख 95 हजार का कुल खर्चा इस कार्यक्रम पर आ रहा था। कनिका सहित उनकी मैनेजर श्रद्धा और एजेंट संतोष तक से इसका कन्फर्मेशन मिल गया था।
ईवेंट कंपनी ने किया आधा भुगतान
मनोज शर्मा ने फोन, मुंबई जाकर और लगातार संपर्क में रहकर कार्यक्रम की तैयारी में जुटे थे। जिस दिन कार्यक्रम होना था, उस दिन सुबह 11 बजे तक एडवांस पेमेंट की आधी रकम पूरी कर दी गयी थी। इसके बावजूद कनिका कपूर कार्यक्रम में नहीं आयीं। इस बारे में जब फोन कर पता किया गया तो उनके साथ अभद्रता से बात की गई। इसके बाद मनोज शर्मा ने बन्नादेवी थाने में सिंगर कनिका कपूर, उनकी मैनेजर श्रद्धा और एजेंट संतोष, पता प्लाट नंबर बी 27 कॉमर्शियल सेंटर लिंक रोड़ नवी मुंबई के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 406 और 507 में मामला दर्ज कराया है।
Published on:
27 Apr 2018, 1:24 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.