5 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पेट्रोल डीजल मूल्य वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन

समाजवादी छात्र सभा ने अर्ध नग्न हो कर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल मूल्य के वृद्धि पर केन्द्र सरकार के खिलाफ जुलूस निकाल कर नारेबाजी की।

2 min read
Google source verification
protest

protest

अलीगढ़। जिले में पेट्रोल डीजल मूल्य वृद्धि को लेकर समाजवादी छात्र सभा ने अर्ध नग्न हो कर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल मूल्य के वृद्धि पर केन्द्र सरकार के खिलाफ जुलूस निकाल कर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने मालगोदाम से कलेक्ट्रेट तक तक अर्धनग्न हो कर विरोध दर्ज कराया। पेट्रोल डीजल मूल्य वृद्धि पर केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सपा छात्र सभा ने केन्द्र सरकार से मांग की है कि पेट्रोल डीजल के दाम कम किए जाएं अन्यथा समाजवादी पार्टी सड़क पर उतर कर प्रदर्शन करेगी। इस मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को संबोधित ज्ञापन एसीएम को सौंपा। ज्ञापन सौंप कर मांग की गई है कि देश हित व जनहित में पेट्रोल के दाम में हो रही निरंतर वृद्धि रोकी जाए।

समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह ने कहा कि जब से केंद्र में भाजपा की सरकार बनी है, तब से देश में पेट्रोल और डीजल के मूल्य में निरंतर वृद्धि हो रही है, जिससे आम जनता बेहद परेशान है। छात्र सभा के जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह ने कहा कि पेट्रोल डीजल मूल्य में वृद्धि होने के कारण माल भाड़े में भी वृद्धि होती है, जिससे जन उपयोगी वस्तुओं के मूल्य में भी इजाफा होता है। इसका सीधा प्रभाव देश के गरीब किसान, मजदूर और आम जनता पर पड़ रहा है। सपा छात्र सभा के जिला अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार अहंकार से भरी हुई है। ये वही भारतीय जनता पार्टी है जो कि निवर्तमान सरकार द्वारा पेट्रोल डीजल के मूल्यों में 50 पैसे की वृद्धि होने पर हाय हाय करती थी और आज जब खुद सरकार में है तो आंखें बंद करके बैठी है। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा भ्रष्टाचार, महंगाई, अपराध मुक्त के एजेंडे पर देश की जनता ने इन्हें सत्ता पर काबिज किया था, लेकिन आज वर्तमान में स्थिति बिल्कुल इसके विपरीत है। किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं तो युवा रोजगार के लिए परेशान हैं। महंगाई दिन प्रतिदिन आसमान छू रही है और अपराधों पर कोई अंकुश नहीं है। भाजपा सरकार ने चार साल में जनता के साथ धोखा किया है।