
अलीगढ़ में एक तांत्रिक ने घर में घुसकर महिला और उसकी बेटी से छेड़छाड़ की। फोटो: IANS
अलीगढ़ के देहलीगेट थाना क्षेत्र में एक ढोंगी तांत्रिक ने मिट्टी की ईंट को सोना बनाने का झांसा देकर एक ई-रिक्शा चालक के परिवार को अपनी ठगी का शिकार बना लिया। पांच दिनों तक घर में तंत्र-मंत्र का नाटक कर उसने न केवल 30,000 ऐंठ लिए, बल्कि चालक की पत्नी और बेटी के साथ छेड़छाड़ भी की। गुरुवार को जब उसकी हरकतें सामने आईं, तो पीड़ित परिवार ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
ई-रिक्शा चालक की पत्नी ने मामले की तहरीर दी है। पीड़िता के मुताबिक, 30 मई को उसके पति की मुलाकात अचलताल के पास अतरौली निवासी गुलशन लोधी नामक व्यक्ति से हुई। गुलशन ने खुद को तांत्रिक बताते हुए उनकी सारी परेशानियां दूर करने का दावा किया। वह पति को बातों में फंसाकर घर आ गया। मिट्टी की ईंट को सोने में बदलने का झांसा देकर पूजा-पाठ शुरू कर दिया। इस दौरान वह पांच दिनों तक उनके ही घर पर रहा, शराब और मांस का सेवन करता रहा। धीरे-धीरे उनसे 30,000 ठग लिए।
मंगलवार को आरोपी ने महिला के साथ छेड़छाड़ की और ईंट को सोना बनाने के बदले में शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। जब विरोध किया तो उसने तांत्रिक विद्या से पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी। इससे महिला डर गई। गुरुवार सुबह तांत्रिक ने घर में अकेली मौजूद 17 वर्षीय बेटी के साथ भी छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें कीं। बेटी के शोर मचाने पर महिला ने उसे बचाया।
घटना का पता चलने पर ई-रिक्शा चालक ने गुरुवार को भागने की कोशिश कर रहे आरोपी तांत्रिक को खैर अड्डे के पास से पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
06 Jun 2025 03:03 pm
बड़ी खबरें
View Allअलीगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
