इलाहाबाद. इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर जेल से रिहा हुए तलवार दंपत्ति को यूपी की योगी सरकार दीपावली का तोहफा देने की तैयारी में हैं। तलवार दंपत्ति ने गाजियाबाद की जिस डासना जेल में तकरीबन चार सालों तक रहकर वहां की डेंटल क्लीनिक में सैकड़ों कैदियों व दूसरे लोगों के दांतों का इलाज किया था, योगी सरकार उस क्लीनिक का नाम उनकी बेटी आरुषि तलवार के नाम पर करने जा रही है। योगी सरकार यह कदम तलवार दंपत्ति की इच्छा का सम्मान करते हुए उठाएगी। योगी सरकार के जेल मंत्री जय कुमार सिंह जैकी के मुताबिक़ इस बारे में वह खुद ही पंद्रह दिनों में तलवार दंपत्ति से मुलाक़ात कर उन्हें इस बारे में जानकारी देंगे। तलवार दंपत्ति से मुलाक़ात कर योगी सरकार के जेल मंत्री उनसे जेल के डेंटल क्लीनिक को वक्त देकर इसे चलते रहने देने की अपील करेंगे।