
मंत्री नंद गोपाल नन्दी ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन से की मुलाकात
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने बुधवार को नई दिल्ली के नॉर्थ ब्लॉक स्थित वित्त मंत्रालय में भारत सरकार की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन जी से भेंट की। मंत्री नन्दी ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन का मार्गदर्शन प्राप्त करते हुए उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हो रहे चौमुखी विकास पर चर्चा की।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन ने उत्तर प्रदेश में बढ़ रही औद्योगिक सम्भावनाओं, तेजी से बन रहे एक्सप्रेसवे, एयरपोर्टों के निर्माण व विकास परियोजनाओं को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के कार्यों की तारीफ की। मंत्री नन्दी ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन को अवगत कराया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन एवं प्रदेश के कर्मयोगी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश वन ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था वाला राज्य बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। साथ ही जनवरी 2023 में उत्तर प्रदेश में आयोजित होने वाले ग्लोबल इनवेस्टर्स सम्मिट के आयोजन को लेकर चर्चा की।
जिसमें करीब दस लाख करोड़ रूपए के निवेश का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वित्त मंत्री ने ग्लोबल इन्वेस्टर सम्मिट के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी। कहा कि जिस तरह ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी -3 के जरिए उत्तर प्रदेश ने निवेश अर्जित किया, उसी तरह ग्लोबल इन्वेस्टर सम्मिट में भी बड़े पैमाने पर निवेश हो, यही कामना है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन ने उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे एवं एयरपोर्ट के तीव्र विकास की सराहना की और कहा कि यह उत्तर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति की पहचान बन गये हैं।
Published on:
16 Sep 2022, 8:31 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.