
यूपीपीएससी: पीसीएस 2022 की प्री परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी, जाने कब से और कितनी पाली में होगी परीक्षा
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पीसीएस 2022 की प्री परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिया है। यह परीक्षा आयोग द्वारा दो पाली में आयोजित की जाएगी। आयोग ने परीक्षा की तरीख 12 जून को निर्धारित की है। इस परीक्षा के लिए आयोग की ओर से बुधवार को अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर 30 मिनट पहले पहुंचना होगा। साथ ही परीक्षा शुरू होने के 10 मिनट पहले प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। उसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। आयोग द्वारा दिये गए नियमों का पालन हर अभ्यर्थियों करना होगा।
आधिकारिक वेबसाइट से करें डाउनलोड
लोक सेवा आयोग ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रवेश पत्र आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे। यह www.uppsc.up.nic.in पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी अपने रजिस्ट्रेशन नंबर एवं जन्मतिथि के आधार पर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को निर्धारित परीक्षा केंद्र पर दो फोटो एवं आईडी प्रूफ की मूल व छायाप्रति के साथ उपस्थित हों। आयोग ने जानकारी देते हुए बताया कि पीसीएस 2022 में अब तक प्राप्त अधियाचन में एसडीएम के 39, डिप्टी एसपी के 93, बीडीओ 36, नायब तहसीलदार 34, बीएसए के 13, एआरटीओ के चार समेत कुल 250 पद हैं। इसके लिए कुल 6,03,536 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
30 मिनट पहले दिया जाएगा प्रवेश
लोक सेवा आयोग के परीक्षा नियंत्रक अरविंद कुमार मिश्र ने जानकारी दी है कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर 30 मिनट पहले प्रवेश दिया जाएगा एवं परीक्षा शुरू होने के 10 मिनट पहले प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद परीक्षा केंद्र पर किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। 12 जून रविवार को यह परीक्षा दो पालियों सुबह 9:30 से 11:30 और 2:30 से 4:30 बजे के बीच संपन्न होगी।
इन जिलों में आयोजित होगी परीक्षा
जानकारी के अनुसार पीसीएस की प्री परीक्षा यूपी के 28 जिलों आगरा, गाजीपुर, ज्योतिबा फुले नगर, महाराजगंज, मैनपुरी, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शाहजहांपुर, प्रयागराज, आजमगढ़, बरेली, गोरखपुर, अयोध्या, गाजियाबाद, जौनपुर, झांसी, कानपुर नगर, लखनऊ, बाराबंकी, मेरठ, मुरादाबाद, रायबरेली, वाराणसी, सीतापुर, मिर्जापुर, मथुरा, देवरिया और मऊ में परीक्षा केंद्र बनाए हैं। समय के अनुसार सभी परीक्षा आयोजित की जाएगी।
Published on:
2 Jun 2022, 3:12 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.