4 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

तो ये है अलवर शहर विधायक संजय शर्मा की जीत का सबसे बड़ा कारण, आप भी जानिए

https://www.patrika.com/alwar-news/
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अलवर

•

image

Hiren Joshi

•

Updated: 17 Dec 2018, 10:37 AM IST

Alwar city MLA Sanjay Sharma Lead On Booths Of Alwar City

तो ये है अलवर शहर विधायक संजय शर्मा की जीत का सबसे बड़ा कारण, आप भी जानिए

अलवर. विधानसभा चुनाव में प्रचार के दौरान आपने नेताओं को चुनाप प्रचार में यह कहते अवश्य सुना होगा कि हमने व हमारे कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर कार्य किया है। हर बूथ पर मेहनत की है। अलवर शहर से विधायक चुने गए संजय शर्मा ने भी चुनाव प्रचार के दौरान ऐसा कई बार कहा और वे इसमें सफल भी हो गए। चुनाव प्रचार में बड़ी सभाओं के साथ बूथ से वोट लेना जीत का सबसे बड़ा कारण होता है और इसमें कोई दोराय नहीं है कि संजय शर्मा ने बूथ स्तर पर बेहतर काम किया। विधानसभा क्षेत्र के 215 बूथों में भाजपा 150 पर तो कांग्रेस 55 पर ही बढ़त बनाने में कामयाब हो सकी। वहीं बसपा 7 बूथों एवं आम आदमी पार्टी तीन मतदान केन्द्रों पर वोटों की बढ़त लेने में कामयाब रही।

जिले के 10 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रक्रिया मतगणना के परिणाम घोषित होने के बाद पूरी हो चुकी है। इन 10 विधानसभा क्षेत्रों में नए विधायक भी चुने जा चुके हैं। चुनाव परिणाम के बाद राजनीतिक क्षेत्रों में उत्सुकता है कि किस बूथ पर किस दल के प्रत्याशी ने बढ़त बनाई। विधानसभा क्षेत्र के ज्यादातर बूथों पर किस दल का कब्जा रहा।

पोस्टल बैलेट में कांग्रेस आगे

चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों की ओर से पोस्टल बैलेट के माध्यम से डाले गए वोटों की गिनती में कांग्रेस अन्य दलों से आगे रही। अलवर शहर विधानसभा क्षेत्र में पोस्टल बैलेट से 2460 वोट डाले गए, इनमें कांग्रेस को 1177 व भाजपा को 1075 वोट मिले।

आम आदमी पार्टी भी तीन बूथों पर आगे रही

आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी अजय पूनिया ने भी विधानसभा चुनाव में अलवर शहर के तीन बूथों पर अपनी श्रेष्ठता साबित की। आम आदमी पार्टी ने 215 बूथों में से 3 पर भाजपा, कांग्रेस व बसपा को पछाड़ते हुए सबसे ज्यादा वोट लिए।

बसपा ने शहर में 7 बूथों पर बनाई बढ़त

विधानसभा चुनाव में इस बार जिले में अच्छा प्रदर्शन करने वाली बसपा ने भी अलवर शहर विधानसभा क्षेत्र के 7 बूथों पर अपनी बढ़त बनाई। बसपा प्रत्याशी तारासिंह ने इन सात बूथों पर कांग्रेस व भाजपा को पीछे छोड़ते हुए सबसे ज्यादा वोट लिए। हालांकि अलवर शहर में बसपा का प्रदर्शन अन्य विधानसभा क्षेत्रों की तुलना में ज्यादा बेहतर नहीं रह पाया।

कांग्रेस एक चौथाई बूथों पर बढ़त बना पाई

कांग्रेस अलवर शहर विधानसभा क्षेत्र में करीब एक चौथाई मतदान केन्द्रों पर भाजपा एवं अन्य दलों से ज्यादा वोट लेने में सफल रही। कांग्रेस प्रत्याशी ने शहर के 215 बूथों में से 55 पर बढ़त बनाई। शेष बूथों पर वह अन्य दलों से पीछे रही।

जीत के साथ भाजपा ने ज्यादातर बूथों पर बढ़त बनाई

अलवर शहर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी ने जीत दर्ज कराने के अलावा ज्यादातर मतदान केन्द्रों पर डाले गए वोटों में बढ़त प्राप्त की। क्षेत्र के 215 बूथों में तीन चौथाई से कुछ कम बूथों पर भाजपा वोट प्राप्त करने पर कांग्रेस सहित अन्य दलों से आगे रही। भाजपा को 150 बूथों पर बढ़त मिली।