
अलवर जिले में शुक्रवार सुबह मिले पांच कोरोना पॉजिटिव, कोरोना का आंकड़ा 400 के पार पहुंचा
अलवर जिले में कोरोना का आंकड़ा 400 के पार पहुंच गया है। शुक्रवार सुबह की रिपोर्ट में अलवर जिले में पांच कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इनमें से भिवाड़ी से तीन, अलवर शहर के काला कुआं से एक और एक पॉजिटिव किशनगढ़बास के भगोड़ा गांव से मिला है। इनके साथ ही जिले में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 408 पहुंच गया है।
अलवर जिले में कोरोना चेन के रूप में रफ्तार पकड़ चुका है। गुरुवार को अलवर शहर में गुरुनानक कॉलोनी में पूरा परिवार कोरोना पॉजिटिव आ गया। तीन दिन पहले जयपुर जाकर आया व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला था। उसके बाद परिवार में व्यक्ति की मां, पत्नी व दो बच्चों की कोरोना जांच भी पॉजिटिव मिली है। इस तरह परिवार के पांचों सदस्य पॉजिटिव हो गए। जिले में कोरोना की चेन के कारण अब संक्रमितों का आंकड़ा 408 पहुंच गया है। गुरुवार को 14 नए पॉजिटिव में सबसे अधिक 8 मरीज अलवर शहर के हैं। शहर में गुरुनानाक कॉलोनी से चार, सूर्य नगर, स्कीम दस, शिवाजीपार्क व हसन खां मेवात नगर से एक-एक पॉजिटिव आया है। इनके अलावा 6 पॉजिटिव भिवाड़ी व टपूकड़ा से आए हैं। चिकित्सकों ने बताया कि गुरुनानक कॉलोनी के आए पॉजिटिव में लक्षण नहीं हैं। इस परिवार के प्रथम पॉजिटिव व्यक्ति की जयपुर में जांच हुई और अब वहीं इलाज जारी है।
भिवाड़ी व अलवर शहर में सबसे अधिक संक्रमित
जिले में एक जून के बाद अलवर शहर व भिवाड़ी में सबसे अधिक कोरोना संक्रमित मिले हैं। इन दोनों जगहों के पॉजिटिव पूरे जिले में आए संक्रमितों से दो गुना से अधिक हैं। अकेले भिवाड़ी में 100 से अधिक पॉजिटिव आ चुके हैं। वहीं अलवर शहर में संक्रमितों का आंकड़ा 80 पहुंच गया है। जबकि जिले में अनलॉक के बाद 348 मरीज आए हैं।
दो दिन में 32 संक्रमित
पिछले दो दिनों में ही जिले में 32 पॉजिटिव आ गए। जिनमें से सबसे अधिक अलवर शहर व भिवाड़ी के हैं। बुधवार को भिवाड़ी टपूकड़ा से 8 और अलवर शहर से चार संक्रमित आए थे। इस तरह दो दिन में 32 में से भिवाड़ी-टपूकड़ा और अलवर शहर से 26 मरीज मिले हैं।
Updated on:
26 Jun 2020 01:27 pm
Published on:
26 Jun 2020 01:26 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
