6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अलवर में कोरोना का सबसे बड़ा विस्फोट, एक ही दिन में रेकॉर्ड 1324 संक्रमित, एक की मौत

अलवर में रविवार को कोरोना का सबसे बड़ा विस्फोट हुआ है। एक दिन में 1300 से अधिक संक्रमित मिले हैं।

2 min read
Google source verification

अलवर

image

Lubhavan Joshi

Apr 25, 2021

Alwar Corona Update: Record 1324 Corona Patients In One Day

अलवर में कोरोना का सबसे बड़ा विस्फोट, एक ही दिन में रेकॉर्ड 1324 संक्रमित, एक की मौत

अलवर. जिले में कोरोना वायरस का संक्रमण जबरदस्त कहर बरपा रहा है। रविवार को अलवर जिले में एक ही दिन में अब तक सबसे ज्यादा 1324 कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए तथा कोरोना से एक मरीज की मौत हो गई। अलवर में अप्रेल माह में 25 दिन में 9 हजार 568 लोगों कोरोना संक्रमित हो चुके हैं तथा 33 लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमण की रफ्तार को देख जिला प्रशासन के इंतजाम बौने साबित हो रहे हैं।

उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. छबील कुमार ने बताया कि अलवर जिले में रविवार को कोरोना से कोटकासिम के जोडिय़ा गांव निवासी 58 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। वह अलवर के राजीव गांधी सामान्य अस्पताल में भर्ती था। वहीं, रविवार को जिले में 1324 कोरोना पॉजिटिव मरीज निकले। जिनमें से सबसे ज्यादा अलवर शहर में 427 संक्रमित मरीज मिले हैं। तिजारा में 117, भिवाड़ी में 116 और मुण्डावर में 111 कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए। इसके अलावा किशनगढ़बास में 75, राजगढ़ में 73, बहरोड़ में 70, खेरली में 69, मालाखेड़ा में 65, शाहजहांपुर में 59, लक्ष्मणगढ़ में 41, रैणी में 39, कोटकासिम में 31, रामगढ़ में 28 और बानसूर में 3 संक्रमित मरीज मिले हैं।

शहर के साथ ग्रामीण इलाकों में भी खतरा बढ़ा

जिले में कोरोना वायरस का खतरा शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेजी से बढ़ रहा है। अलवर शहर में पिछले तीन 1121 कोरोना के मरीज मिल चुके हैं। इससे पूर्व में भी अलवर शहर में संक्रमण काफी तेजी से बढ़ता रहा है। रविवार को जिले के ग्रामीण क्षेत्र तिजारा में 117, भिवाड़ी में 116 और मुण्डावर में 111 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा किशनगढ़बास, बहरोड़, राजगढ़, खेरली और मालाखेड़ा में भी संक्रमण का आंकड़ा काफी अधिक रहा।

25 दिन : 22 हजार से साढ़े 31 हजार पार पहुंचा ग्राफ

जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों और कोरोना से मौत ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। अलवर जिले में 31 मार्च को कुल संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 22 हजार 181 था, जो कि पिछले 25 दिनो में काफी तेज रफ्तार से बढकऱ 31 हजार 749 पहुंच गया है। कोरोना के संक्रमण से अब तक 123 मरीजों की मौत हो चुकी है। वहीं, इन संक्रमितों में से 24 हजार 272 कोरोना मरीज सही हो चुके हैं।

ऑक्सीजन सपोर्ट पर 373 मरीज, 87 आईसीयू में
जिले में कोरोना वायरस का संक्रमण के गंभीर मरीजों की संख्या भी लगातार तेजी से बढ़ रही है। जिले में रविवार को 669 कोरोना मरीज जिला अस्पताल में भर्ती रहे। ऑक्सीजन सपोर्ट पर 373 मरीज तथा आईसीयू में 87 मरीज भर्ती हैं। वहीं, 48 मरीजों को वेंटीलेटर पर रखा हुआ है। 161 मरीज बेड आइसोलेशन तथा 6 हजार 708 मरीज होम आइसोलेशन में हैं।

दो माह में 7372 एक्टिव केस बढ़े

जिले में पिछले दो माह में 7 हजार 372 कोरोना एक्टिव केस बढ़े हैं। अलवर जिले में 25 फरवरी को मात्र 5 कोरोना कोरोना एक्टिव केस थे। जबकि 25 अप्रेल को कोरोना एक्टिव केसों का आंकड़ा 7 हजार 377 पर पहुंच गया।