11 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Alwar: अलवर में त्योहारों पर 10 हजार वाहन बिकने की उम्मीद

अलवर में नवरात्र से दिवाली तक बाजार में खरीदारी बढ़ने की उम्मीद है। ऑटोमोबाइल कारोबारियों को त्योहारों के दौरान जिले में करीब 10 हजार दुपहिया और चौपहिया वाहन बिकने की आस है। श्राद्धपक्ष में ही ग्राहकों ने एडवांस बुकिंग करवा दी है। सर्राफा और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार को भी अच्छी बिक्री की उम्मीद है।
2 min read
Google source verification
festive season

representative picture

महंगाई के बीच त्योहारों पर खरीदारी का उत्साह कारोबारियों के लिए राहत लेकर आ सकता है। नवरात्र की शुरुआत के साथ रविवार से बाजार में ग्राहकी बढ़ने की उम्मीद है। सबसे ज्यादा नजर ऑटोमोबाइल बाजार पर है। अलवर में कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक, पूरे त्योहारी सीजन में जिले में करीब 10 हजार दुपहिया और चौपहिया वाहन बिक सकते हैं। इसके अलावा ट्रैक्टर और कमर्शियल वाहनों की बिक्री भी बढ़ने की संभावना है।

श्राद्धपक्ष में ही वाहनों की एडवांस बुकिंग

त्योहारों पर वाहन खरीदने के लिए ग्राहकों ने श्राद्धपक्ष में ही एडवांस बुकिंग करवा दी है। ट्रैक्टर एंड ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सुमित शुक्ला ने बताया कि इस बार बिक्री अच्छी रहने की उम्मीद है। ग्राहकों की मांग को देखते हुए कारोबारियों ने पहले से ही वाहनों का स्टॉक कर लिया है।

उन्होंने बताया कि पहले नवरात्र पर जिले में करीब 1500 दुपहिया और चौपहिया वाहनों की बिक्री होने की संभावना है। नवरात्र से दिवाली तक चलने वाले इस खरीदारी के दौर में निजी वाहनों के साथ ट्रैक्टर और कमर्शियल वाहनों की मांग भी कारोबार को गति दे सकती है।

सोना-चांदी महंगा, फिर भी बाजार को आस

सोने और चांदी की कीमतें ऊंचे स्तर पर होने के बावजूद सर्राफा कारोबारियों को त्योहारों पर अच्छी खरीदारी की उम्मीद है। नवरात्र और दिवाली पर सोने-चांदी के आभूषण खरीदने की परंपरा के चलते बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने की आस है।

सर्राफा व्यापार कमेटी अलवर के अध्यक्ष दीपक गर्ग ने बताया कि महंगाई को ध्यान में रखते हुए व्यापारियों ने उसी हिसाब से नया माल रखा है। कारोबारियों को उम्मीद है कि त्योहारों पर खरीदारी की परंपरा के कारण बिक्री बनी रहेगी।

इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार को जीएसटी कटौती से उम्मीद

दिवाली पर घरों के लिए नए इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने की तैयारी भी शुरू हो गई है। इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारियों ने ग्राहकों की मांग को देखते हुए नए उत्पादों का स्टॉक तैयार कर लिया है। फ्रिज, वॉशिंग मशीन और टेलीविजन जैसे सामान की मांग बढ़ने की उम्मीद है।

इसके अलावा एसी, 32 इंच से बड़े टेलीविजन, एलईडी-एलसीडी, मॉनिटर, प्रोजेक्टर और डिश-वॉशिंग मशीन जैसे उत्पादों की बिक्री पर भी कारोबारियों की नजर है। जीएसटी में कटौती से बाजार को फायदा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

कुल मिलाकर नवरात्र से दिवाली तक ऑटोमोबाइल, सर्राफा और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में कारोबार बढ़ने की आस है। अब कारोबारियों को उम्मीद है कि त्योहारों पर ग्राहकों की खरीदारी बाजार को नई रफ्तार देगी।