7 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चीन बॉर्डर पर घायल हुए सैनिक सुरेंद्र सिंह के पिता ने कहा- राहुल राजनीति ना करें, अगले दिन से परिवार का पता नहीं

अलवर जिले सुरेंद्र सिंह चीन बॉर्डर पर घायल हो गए, इस मामले पर राजनीतिक बयानबाजी होने के बाद उनका परिवार घर पर नहीं है

2 min read
Google source verification

अलवर

image

Lubhavan Joshi

Jun 22, 2020

Alwar Jawan Surendra Singh Injured At Galwan Valley

चीन बॉर्डर पर घायल हुए सैनिक सुरेंद्र सिंह के पिता ने कहा- राहुल राजनीति ना करें, अगले दिन से परिवार का पता नहीं

अलवर. लद्दाख स्थित गलवान घाटी में सोमवार को चीन से हुई हिंसक झड़प में घायल हुए अलवर के जवान सुरेंद्र सिंह का परिवार शनिवार को बाहर चला गया। स्थानीय लोगों से पूछने पर भी उनकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इधर, रविवार को शहर के सूर्यनगर स्थित सैनिक के घर पर ताला लगा रहा। वहीं अब इस मामले पर राष्ट्रीय स्तर के बाद स्थानीय स्तर पर भी राजनीति शुरु हो गई है।

रविवार को भी रामगढ़ के पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा ने प्रशासन पर सैनिक के परिवार को परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उनपर बयान वापस लेने का दबाव बना रही है। वहीं रामगढ़ विधायक सफिया खान ने भी रविवार को पलटवार करते हुए भाजपा पर सैनिक के परिवार पर दबाव बनाने का आरोप लगाया। सफिया खान ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी रहे सुखवंत सिंह ने सांसद से जवान के पिता की बात करवाकर उनसे इंटरव्यू दिलवाया कि राहुल राजनीति ना करें। राजनीति राहुल गांधी नहीं भाजपा कर रही है। भाजपा ने यह इंटरव्यू अमित शाह को भेजा और उन्होंने इसे चलवाया। उसी दिन से बलवंत सिंह गायब हैं। मैं पूरे परिवार को अच्छे से जानती हूं। उनके परिवार और पत्नी को गायब कर दिया गया। भाजपा जवानों की भावनाओं को नहीं समझती। भाजपा और प्रधानमंत्री इस मामले पर राजनीति ना करें। सुखवंत सिंह ने सफिया खान के आरोपों पर जवाब देते हुए कहा कि वे सैनिक के परिवार का हालचाल जानने गए थे। उसी समय सांसद का फोन आया। सैनिक के पिता से सांसद बालकनाथ ने कुशलक्षेम जानी। फिर मैं वहां से लौट आया।

युवा कांग्रेस ने की कार्रवाई की मांग

युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दीनबंधु शर्मा ने प्रशासन को पत्र लिखकर सांसद व रामगढ़ विधायक प्रत्याशी सुखवंत सिंह पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि जवान के पिता बलवंत सिंह से डरा-धमकाकर बयान दिलवाया गया और फिर घर से गायब करवा दिया। ऐसे में सैनिक परिवार को सुरक्षा दी जाए।

हमें परिवार की जानकारी नहीं

सुरेंद्र सिंह के परिवार की हमें कोई जानकारी नहीं है। ना ही इस मामले में हमें कोई निर्देश मिले हैं।

रेणु मीणा, उपखण्ड अधिकारी, रामगढ़


इस सम्बन्ध में हमें कोई शिकायत नहीं मिली है। स्थानीय पुलिस शनिवार को उनके घर गई थी, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। शिकायत मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी।

परिस देशमुख, पुलिस अधीक्षक, अलवर