जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने कई महीने पहले ही जिला कार्यकारिणी का गठन कर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पास अनुमति के लिए भेज दिया था। पिछले दिनों प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी अलवर की जिला कार्यकारिणी को मंजूरी दे दी, लेकिन इसी दौरान गत 16 फरवरी से पार्टी का डिजिटल सदस्यता अभियान शुरू हो गया। पार्टी की ओर से पहले सदस्यता अभियान की अवधि 31 मार्च तक तय की गई, लेकिन बाद में इसे बढ़ाकर 15 अप्रेल कर दिया गया। कांग्रेस का सदस्यता अभियान अब पूरा हो चुका है, इस कारण कांग्रेस कार्यकर्ताओं में कार्यकारिणी में पद मिलने काे लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।