अलवर. जिले में बहरोड़, राजगढ़, खैरथल, तिजारा, किशनगढ़बास व खेरली नगर पालिकाओं में शुक्रवार को हुए मतदान में मौसम का बदलाव एवं साल के अंतिम सावे पर शादी कार्यक्रमों की भरमार भी आड़े नहीं आ सकी। मतदाताओं ने शहरों की सरकार चुनने के लिए उत्साह से वोट डाले। इसी कारण सभी छह नगर पालिकाओं में मतदान का औसत प्रतिशत 86.07 तक पहुंच गया। शहर की सरकार चुनने के लिए सबसे ज्यादा उत्साह किशनगढ़बास नगर पालिका क्षेत्र के मतदाताओं में देखा गया, यहां सबसे ज्यादा 88.70 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं सबसे कम मतदान राजगढ़ नगर पालिका में 82.56 फीसदी रहा। मतदान सुबह 8 बजे शुरू हुआ और नगर पालिकाओं के ज्यादातर बूथों पर शाम 5 बजे पूरा हो गया। कुछ मतदान केन्द्रों पर शाम के समय ज्यादा संख्या में मतदाताओं के पहुंचने से शाम 5 बजे बाद भी मतदान जारी रहा। सभी छह नगर पालिकाओं में मतदान शांतिपूर्ण रहा।