
लॉक डाउन ने छीना गरीबों के मुंह से सरकारी निवाला!
अलवर. शहर में लॉक डाउन ने गरीबों के मुंह से सरकारी निवाला तक छीना हुआ है। शहर की उचित मूल्य राशन की दुकानों पर इस माह प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और मुख्यमंत्री खाद्य सुरक्षा योजना के तहत गेहूं का वितरण शुरू नहीं हो पाया है। पात्र उपभोक्ता गेहूं के लिए रोजाना राशन डीलरों के यहां चक्कर काट रहे हैं।
कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए केन्द्र सरकार ने नवम्बर माह तक खाद्य सुरक्षा लाभार्थी परिवारों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत नि:शुल्क गेहूं और चना वितरण की घोषणा की है। जिसके तहत हर माह खाद्य सुरक्षा राशनकार्डधारी परिवार को प्रति यूनिट 5-5 किलो गेहूं और प्रति राशनकार्ड एक किलो चना दिया जाना है। जुलाई माह में योजना के तहत अलवर जिले के सवा छह लाख से ज्यादा खाद्य सुरक्षा योजना के लाभार्थी परिवारों के लिए 12 हजार 183 मीट्रिक टन गेहूं का वितरण किया गया। जिला प्रशासन ने 30 जुलाई से शहर कोतवाली एरिया में 14 दिन का लॉक डाउन लगा दिया। जिसके कारण लॉक डाउन एरिया में आने वाली उचित मूल्य राशन की 42 दुकानों पर गेहूं नहीं पहुंच पाया। शहर की अन्य राशन की दुकानों पर गेहूं पहुंच गया है, लेकिन वहां भी वितरण अभी शुरू नहीं हो पाया है।
उचित मूल्य की दुकानों में भरा गेहूं
मुख्यमंत्री खाद्य सुरक्षा योजना के तहत बीपीएल और अंत्योदय योजना के लाभार्थियों को अगस्त माह में वितरित किया जाने वाला गेहूं सभी उचित मूल्यों की दुकानों पर लॉक डाउन से पहले ही पहुंच चुका है, लेकिन वितरण अब तक नहीं किया गया है। बड़ा सवाल यह है कि लॉक डाउन एरिया के बाहर वाली उचित मूल्य की दुकानों पर उपभोक्ताओं को गेहूं का वितरण आखिर क्यों नहीं किया जा रहा है।
चना अब तक नहीं मिला
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत अलवर जिले में जुलाई माह में 335.88 मीट्रिक टन चने का आवंटन हुआ, लेकिन राशन की दुकानों पर चना अब तक नहीं पहुंचा है। जिसके कारण पिछले माह का चना भी उपभोक्ताओं को नहीं मिल पाया है। इस माह भी चने का आवंटन अभी तक नहीं हो पाया है।
यूं ही निकल जाएगा उपभोक्ता सप्ताह
खाद्य विभाग की ओर से खाद्य सुरक्षा के लाभार्थियों को राशन वितरण के लिए 1 से 15 तारीख तक उपभोक्ता सप्ताह निर्धारित किया हुआ है, जिसमें उपभोक्ताओं को खाद्य सामग्री का वितरण किया जाता है। शहर कोतवाली इलाके में लॉक डाउन 12 अगस्त तक है। ऐसे में सप्ताह के 12 दिन तो लॉक डाउन में निकल जाएंगे। शेष तीन दिन में गेहूं और चना का उठाव और वितरण कर पाना संभव नहीं है।
जल्द होगा वितरण शुरू
लॉक डाउन के कारण उचित मूल्य की दुकानों पर गेहूं का वितरण शुरू नहीं हो पाया है। 12 अगस्त के बाद सभी दुकानों पर गेहूं का वितरण शुरू करा दिया जाएगा।
- ज्योति मीणा, कार्यवाहक जिला रसद अधिकारी, अलवर।
Published on:
10 Aug 2020 12:21 am
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
