6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बिजली गुल हो जाए तो परेशान होते रहो, जिम्मेदार सो रहे हैं!

अलवर बिजली निगम की हेल्पलाइन पर कई घंटे तक नहीं होती सुनवाई, जनता होती रहती है परेशान

2 min read
Google source verification

अलवर

image

Prem Pathak

Aug 10, 2020

45.png

अलवर. यदि आपके घर की बिजली गुल हो जाए और आप बिजली निगम के हेल्पलाइन नम्बर और कंट्रोल रूम पर अपनी शिकायत दर्ज करा रहे हैं तो यह तय है कि आपको कई घंटे परेशान होना पड़ेगा। अलवर शहर में बिजली निगम का मेंटीनेंस सिस्टम इतना सुस्त है कि उपभोक्ताओं की घंटों तक सुनवाई नहीं होती।

बिजली निगम के मेंटीनेंस सिस्टम की सुस्ती का ऐसा ही एक उदाहरण शनिवार रात सामने आया। रात करीब 2 बजे शहर के वार्ड नम्बर-10 के पहाडग़ंज मोहल्ले में विद्युत फाल्ट के कारण एक फेस की बिजली गुल हो गई। गर्मी में परेशान मोहल्ले के कई लोगों ने बिजली निगम की हेल्पलाइन नम्बर और कंट्रोल रूम पर कई बार फोन किए, लेकिन वहां किसी ने फोन नहीं उठाया। करीब दो घंटे तक मशक्कत के बाद सुबह करीब 4 बजे बजे मेंटीनेंस ड्यूटी में मौजूद बिजली निगम की गाड़ी के मोबाइल नम्बरों पर फोन किया गया। शुरुआत में तो वहां भी कर्मचारियों ने फोन रिसीव नहीं किया। दो मोबाइल नम्बरों पर कई बार फोन करने के बाद कर्मचारियों ने उनींदी आवाज में फोन उठाया। शिकायत दर्ज कराने के बाद भी करीब दो घंटे तक बिजली कर्मचारियों का टरकाऊ रवैया बना रहा। बिजलीघर चौराहा स्थित बिजली निगम के दफ्तर से दो घंटे में गाड़ी आकर पहुंची और इसके बाद विद्युत फाल्ट दुरुस्त कर आपूर्ति चालू की गई।

अधिकारियों ने भी नहीं उठाए फोन
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि बिजली निगम की हेल्पलाइन नम्बर और कंट्रोल रूम पर सुनवाई नहीं होने पर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों को फोन किया गया, लेकिन किसी भी अधिकारी ने फोन नहीं उठाए।

सिस्टम को दुरुस्त कराएंगे
उपभोक्ताओं की बिजली सम्बन्धी समस्याओं का त्वरित निस्तारण होना चाहिए। यदि बिजली सम्बन्धी शिकायत दर्ज कराने और उसे दुरुस्त कराने के लिए उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ रहा है तो इसकी जांच कराएंगे और मेंटीनेंस सिस्टम को दुरुस्त किया जाएगा।

- बीएल सैनी, अधिशाषी अभियंता, जयपुर डिस्कॉम, अलवर।