
स्वतंत्रता दिवस का इंदिरा गांधी स्टेडियम में मुख्य समारोह, इस बार नहीं होंगे सम्मानित
अलवर. स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को जिला स्तरीय मुख्य समारोह अलवर के इन्दिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इस बार मुख्य समारोह में जिला प्रशासन की ओर से उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित नहीं किया जाएगा। साथ ही स्कूली बच्चों की पीटी परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी नहीं होंगे। समारोह में मुख्य अतिथि जिला कलक्टर आनन्दी ध्वजारोहण कर परेड निरीक्षण व मार्चपास्ट की सलामी लेंगीे।
जिला मुख्यालय अलवर स्थित इन्दिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित होने वाले स्वाधीनता दिवस के मुख्य समारोह में प्रात: 9 बजे ध्वजारोहण एवं राष्ट्रीय गान होगा। वहीं प्रात: 9.05 बजे सलामी, 9.25 बजे राज्यपाल के संदेश का पठन होगा। इसके बाद प्रात: 10.35 बजे राष्ट्रगान होगा। समारोह कोरोना वायरस संक्रमण की गाइडलाइन की पालना कर सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मनाया जाएगा।
नहीं होंगे सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस पर हर साल जिला प्रशासन की ओर से उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाता है। इस बार जिला प्रशासन की ओर से स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानित होने वालों की सूची जारी नहीं की गई। स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानित करने का भी कार्यक्रम नहीं है।
बिन बच्चों के आयोजित होगा समारोह
स्वतंत्रता दिवस समारोह इस बार बिना बच्चों के ही मनाया जाएगा। सरकार ने पहले ही कोराना गाइड लाइन में स्पष्ट लिख दिया था कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए जिला स्तरीय मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह व स्कूलों में होने वाले समारोह में बच्चों को नहीं बुलाया जाए।
पहली बार बच्चों के योग व पीटी के बिना समारोह होगा जिसमें बालकों के गीत और उनकी भारत माता की जय का जयघोष सुनाई नहीं देगा। देश की आजादी के बाद यह पहला नया अनुभव होगा कि स्वाधीनता समारोह में बच्चे ही भाग नहीं लेंगे। अधिकतर गैर सरकारी स्कूलों ने आजादी पर ऑन लाइन प्रतियोगिता करवाई हैं। इसके चलते बच्चे घर में ही तैयार होकर कमरे में अपनी प्रस्तुति देते रहे। इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह की पूर्व संध्या पर होने वाले स्कूली विद्यार्थियों के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी स्थगित कर दिए गए हैं।
बालकों को नहीं बुला सकते-
सरकार ने कोरोना गाइड लाइन जारी की है जिसमें साफ लिखा है कि स्कूलों में होने वाले स्वाधीनता दिवस समारोह में स्कूली बच्चों को नहीं बुलाया जाए। इन दिनों कोरोना की रोकथाम के लिए यह आवश्यक है। इसको देखते हुए इस बार स्कूलों में स्वाधीनता दिवस समारोह बिना बच्चों के मनाया जाएगा।
- नेकीराम, जिला शिक्षा अधिकारी, प्रारम्भिक, अलवर।
Published on:
15 Aug 2020 12:45 am
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
