
मतगणना कक्ष (फोटो - पत्रिका)
अलवर नगर निगम समेत 12 निकायों की मतगणना के लिए प्रशासन ने तैयारियां पुख्ता कर ली हैं। कल यानी शुक्रवार को नगर निगम की मतगणना कला महाविद्यालय में सुबह आठ बजे से तीन राउंड में होगी। इसी तरह जिले की 11 नगर पालिकाओं में मतगणना नगर पालिका मुख्यालयों पर होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि मतगणना के लिए कला महाविद्यालय में 5 कक्ष निर्धारित किए गए हैं।
प्रत्येक कक्ष में 5-5 टेबल लगाई गई हैं। मतगणना तीन राउंड में होगी, जिसमें प्रथम राउंड में वार्ड नंबर 1 से 25 तक, द्वितीय राउंड में वार्ड नंबर 26 से 50 तक और तृतीय राउंड में वार्ड नंबर 51 से 65 तक की मतगणना होगी। राजगढ़ की मतगणना के लिए राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एक कक्ष निर्धारित किया गया है। रामगढ की मतगणना सामुदायिक भवन रामगढ़ में होगी। यहां एक कक्ष में 6 टेबल लगाई गई हैं। थानागाजी की मतगणना राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय थानागाजी में होगी। यहां एक कक्ष में 5 टेबल लगाई गई हैं।
लक्ष्मणगढ़ की मतगणना राजकीय महाविद्यालय, नगरपालिका खेरली की मतगणना पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खेरली, कठूमर की मतगणना पंचायत समिति भवन कठूमर, बड़ौदामेव की मतगणना उप तहसील कार्यालय बड़ौदामेव, गोविन्दगढ़-रामबास की मतगणना राजकीय महाविद्यालय गोविन्दगढ़, बहादरपुर की मतगणना तेजस यूनिवर्सल स्कूल बहादरपुर, मालाखेड़ा की मतगणना राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मालाखेड़ा में तथा नौगांवा की मतगणना कृषि महाविद्यालय नौगांवा में की जाएगी।
गणन सुपरवाइजर, गणन सहायक व मतगणना से जुडे अन्य राजकीय कार्मिकों के वाहनों की पार्किंग गेट नंबर 3 के बांयी ओर होगी।
मतगणना कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों व मीडिया कर्मियों के वाहनों की पार्किंग गेट नंबर 2 के प्रवेश के आगे बास्केटबॉल ग्राउंड/भूगोल विभाग भवन के सामने दांयी ओर खुले मैदान में रहेगी।
अभ्यर्थी, उनके निर्वाचन अभिकर्ता व गणन अभिकर्ता के वाहनों की पार्किंग कला महाविद्यालय भवन के पश्चिम में स्थित कर्बला मैदान में रहेगी।
मतगणना परिसर में प्रवेश केवल वैध पास से ही दिया जाएगा, जिसका सत्यापन पुलिस की ओर से किया जाएगा। उम्मीदवार व अभ्यर्थी अपना पास अलवर मिनी सचिवालय के तृतीय तल पर स्थित कमरा नंबर 305 में दो फोटो व निर्धारित दस्तावेज जमा करवाकर 13 सितम्बर तक बनवा लें। अन्यथा मतगणना स्थल पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बिना अनुमति मोबाइल फोन नहीं लेकर आ सकेंगे।
Updated on:
13 Sept 2026 11:53 am
Published on:
13 Sept 2026 11:53 am
