
बाइक पर लिखा Covid Survey Team, बैग में मिले पिस्टल, देसी कट्टे और जिन्दा कारतूस, शिक्षक गिरफ्तार
अलवर. अलवर जिले के अरावली विहार थाना पुलिस और डीएसटी (जिला स्पेशल टीम) ने शातिर हथियार तस्कर को अवैध हथियारों की खेप सहित गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से छह पिस्टल, चार देसी कट्टे, 17 कारतूस और एक बाइक जब्त की गई है। पुलिस पूछताछ में हथियार तस्कर ने स्वयं को भरतपुर जिले के नगर तहसील के एक गांव स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में संविदाकर्मी कम्प्यूटर शिक्षक होना बताया है।
सहायक पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र इंदौलिया और डीएसपी ग्रामीण सपात खां ने बताया कि मंगलवार को जिला स्पेशल टीम को सूचना मिली कि भरतपुर जिले एक व्यक्ति बाइक पर सवार होकर थानागाजी व विराट नगर इलाके में अवैध हथियार और कारतूस सप्लाई करने आ रहा है। वह अलवर शहर से बाहर के रास्तों से होकर निकलेगा। सूचना पर पुलिस ने नाकेबंदी कर अम्बेडकर नगर टी-प्वाइंट पर विक्रम राय उर्फ कमल (25) पुत्र मुख्त्यार सिंह रायसिख निवासी उदयपुर निहाम थाना सीकरी जिला भरतपुर को गिरफ्तार कर किया। उसके कब्जे से छह देसी पिस्टल .32 बोर, चार देसी कट्टे 315 बोर, 11 कारतूस .32 बोर और 6 कारतूस 315 बोर जब्त किए गए। साथ ही अवैध हथियारों की सप्लाई में इस्तेमाल बाइक को भी जब्त किया गया है। मुल्जिम ने पूछताछ करने पर स्वयं को भरतपुर जिले के नगर तहसील के ग्राम पंचायत झंझार के राजकीय माध्यमिक विद्यालय बूड़ली में संविदा पर कम्प्यूटर टीचर लगा होना बताया है।
बाइक पर लिखा था कोविड-19 सर्वे टीम
अवैध हथियार तस्कर विक्रम राय उर्फ कमल शातिर किस्म का व्यक्ति है। पुलिस से बचने के लिए उसने अपनी मोटरसाइकिल के डूम पर ‘ऑन गवर्नमेंट ड्यूटी कोविड-19 सर्वे टीम’ पर लिखवाया हुआ है। अपने पि_ू बैग में हथियार व कारतूसों के ऊपर किताब वगैरहा रखी हुई थी। जिससे कि पुलिस भ्रमित होकर ड्यूटी कर्मचारी या छात्र समझकर बारीकी से चैकिंग नहीं करे।
कई जिलों में करता है हथियार सप्लाई
पुलिस पूछताछ में हथियार तस्कर विक्रम राय उर्फ कमल ने बताया है कि वह भरतपुर, अलवर और जयपुर आदि जिलों में अवैध हथियार और कारतूसों की सप्लाई करता है। वह उत्तरप्रदेश से कई अलग अलग जगहों से हथियार लेकर आ रहा था। जिसे सप्लाई करने से पूर्व ही हथियारों की खेप और कारतूस के साथ दबोच लिया। विक्रम राय इन हथियारों की सप्लाई किस व्यक्ति या गैंग को करने वाला था इस सम्बन्ध में गहनता से पूछताछ की जा रही है। साथ ही इस बारे में भी पड़ताल की जा रही है कि पूर्व में किन-किन व्यक्तियों को हथियार उपलब्ध कराए हैं।
इनकी रही विशेष भूमिका
अरावली विहार थानाधिकारी जहीर अब्बास, डीएसटी के हैडकांस्टेबल उमरदीन, कांस्टेबल राजाराम, ईरसाद मोहम्मद, रामकुमार, मुरारीलाल, करतार व विश्राम सिंह।
देसी पिस्टल सहित एक गिरफ्तार
उधर, अरावली विहार थाना पुलिस ने अवैध देसी पिस्टल सहित एक जने को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी जहीर अब्बास ने बताया कि मंगलवार रात गश्त के दौरान एएसआई सुरता राम ने मुखबिर की सूचना पर अम्बेडकर नगर पेट्रोल पम्प के समीप से गुरुप्रीत सिंह (21) पुत्र अमरजीत सिंह अरोड़ा निवासी देवखेड़ा थाना एनईबी को आम्र्स एक्ट में गिरफ्तार किया।
Published on:
31 Jul 2020 10:15 am
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
