6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

देखिए आईजी साहब, जहां आपने की थी अभियान की शुरुआत, वहां तो बिना मास्क के ही एंट्री हो रही है!

- जहां शनिवार को आईजी और एसपी ने अभियान की शुरुआत की वहीं से रविवार को लोग बिना मास्क के निकलते रहे

2 min read
Google source verification

अलवर

image

Lubhavan Joshi

Sep 28, 2020

Alwar Police No Mask No Entry Campaign Failed In City

देखिए आईजी साहब, जहां आपने की थी अभियान की शुरुआत, वहां तो बिना मास्क के ही एंट्री हो रही है!

अलवर. कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम को लेकर अलवर पुलिस के प्रयास कितने मजबूत हैं। इसकी हकीकत शायद आपको नहीं पता हो, लेकिन हम आपको पुलिस के इन खोखले प्रयासों की हकीकत बताते हैं। शनिवार को शहर के जिस चौराहे पर जयपुर रेंज आईजी एस सेंगाथिर और अलवर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने नो मास्क नो एंट्री अभियान की शुरुआत की। वहां अगले ही दिन रविवार को लोग बिना किसी डर के बिना मास्क के निकलते नजर आए।

अलवर जिला पुलिस की ओर से कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए नो मास्क नो एंट्री अभियान शुरू किया गया है, जिसका उद्घाटन शनिवार को नगली सर्किल पर जयपुर रेंज आईजी एस सेंगाथिर और अलवर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने किया। साथ ही नकली सर्किल सहित शहर में तीन-चार चौराहों पर मास्क बूथ भी लगाए गए हैं। अभियान के तहत शहर में बिना मास्क के घूमने वाले लोगों पर पुलिस की ओर से समझाइश और कार्रवाई की जाएगी तथा मास्क बूथ पर से उन्हें मास्क भी उपलब्ध कराया जाएगा।

अभियान की शुरुआत के अगले ही दिन रविवार को अभियान उद्घाटन स्थल नगली सर्किल के हालातों का जायजा लिया गया। जहां पर अभियान की अवहेलना नजर आई। चौराहे पर से लोग दुपहिया और चौपहिया वाहनों पर सवार होकर बिना मास्क लगाए गुजर रहे थे। वहीं, पुलिस के मास्क बूथ के आगे से भी लोग बिना किसी डर के निकल रहे थे। शहर में बिना मास्क के घूम रहे इन लोगों पर कार्रवाई करने के लिए चौराहे पर पुलिस कोई कार्रवाई नजर नहीं आई।

शहर में भी बेरोकटोक घूम रहे लोग

नगली सर्किल सहित शहर के अन्य सभी चौराहों और बाजारों में भी रविवार को लोग बिना मास के बेरोकटोक घूमते नजर आए। कई जगह दुपहिया वाहन चालक या पैदल लोग पुलिस कर्मियों के सामने से भी बिना मास्क के निकलते रहे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका टोका तक नहीं। वहीं, लोग भी कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव को लेकर लापरवाह बने हुए हैं और बाजारों में बिना मास के घूम रहे हैं।

पुलिस जाब्ता चुनाव में व्यस्त

जिले में रविवार को पंचायत चुनाव होने के कारण ज्यादातर पुलिस जाब्ता चुनाव ड्यूटी में व्यस्त रहा। जिसके कारण शहर सहित जिले भर के पुलिस थानों में स्टाफ कम रहा। वहीं, जिला मुख्यालय पर चौराहों और बाजारों में भी पुलिस की उपस्थिति कम नजर आई।

पुलिस ने यह कार्रवाई की

जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि नो मास्क नो एंट्री अभियान के तहत नगली सर्किल, भगत सिंह सर्किल, जेल सर्किल और हनुमान सर्किल पर कैनोपी बूथ लगाए गए हैं। रविवार सुबह नगली सर्किल पर 16, भगत सिंह सर्किल पर 20, जेल सर्किल पर 29 और हनुमान सर्किल पर 28 मास्क बांटे गए। साथ ही भगत सिंह सर्किल पर दो, हनुमान सर्किल पर पांच और जेल सर्किल पर दो सोशल डिस्टेंसिंग की कार्रवाई की गई।

बेहतर कार्रवाई करेंगे

जिला पुलिस की ओर से शुरू किए गए नो मास्क नो एंट्री अभियान के तहत बेहतर तरीके से समझाइश और कार्रवाई की जाएगी। रविवार को पंचायत चुनाव में काफी पुलिस जाब्ता लगा हुआ था। जिसके कारण अभियान के तहत कार्रवाई सामान्य तरीके से रही। चुनाव समाप्त होने के बाद पुलिस की ओर से सघनता से अभियान चलाकर लोगों को समझाइश की जाएगी तथा कोविड-19 की गाइडलाइन का उल्लंघन कर बिना मास्क के घूमने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।

- तेजस्विनी गौतम, जिला पुलिस अधीक्षक, अलवर।