अलवर. शहर कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित श्योलालपुरा मोहल्ले में मंगलवार को छोटे भाई से झगड़ा होने पर एक 13 वर्षीय बालिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कार्रवाई करा शव परिजनों को सौंप दिया।
कोतवाली थाने के एएसआई मदनलाल ने बताया कि शहर के कोली मोहल्ला श्योलालपुरा निवासी खेमचंद कोली और उसकी पत्नी मंगलवार सुबह काम पर गए हुए थे। पीछे घर में उसकी दो बेटी और एक बेटा थे। सुबह करीब 11 बजे उसकी दसवीं कक्षा में पढऩे वाली 13 वर्षीय मझली बेटी रूपाली कुर्सी पर बैठकर खाना खा रही थी। तभी 9 वर्षीय उसके छोटे भाई ने कुर्सी पर लात मार दी। इसी बात को लेकर दोनों बहन-भाई के बीच झगड़ा हो गया। रूपाली ने अपने छोटे भाई को पीट दिया। वह पिटाई से डर से भाग गया। इसके बाद रूपाली ने कमरे का दरवाजा बंद कर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।