8 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

अलवर: जिम कर रहे प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ खाली, सामने आ रहा हरियाणा कनेक्शन

अलवर जिले के कोटकासिम में जिम में कसरत कर रहे प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के बाद अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अलवर

•

image

Lubhavan Joshi

•

Updated: 26 Jun 2020, 1:58 PM IST

Alwar Tillu jat Murder Case Latest Update

अलवर: जिम कर रहे प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ खाली, सामने आ रहा हरियाणा कनेक्शन

अलवर. कोटकासिम कस्बे में बुधवार को हुए टिल्लू जाट हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में पुलिस गहनता से जुटी है, लेकिन अभी पुलिस को हमलावरों के बारे में पुख्ता सुराग हाथ नहीं लगे हैं जिसके कारण हत्याकांड के दूसरे दिन भी हमलावर पकड़े नहीं जा सके। दिनदहाड़े हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड के अगले दिन गुरुवार को पुलिस अधीक्षक अमनदीप सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया।

कोटकासिम कस्बे में किशनगढ़बास रोड स्थित हेल्थ क्लब पर बुधवार सुबह कोटकासिम निवासी जितेश उर्फ टिल्लू (33) जिम करने गया। इस दौरान सुबह करीब 8.10 बजे हथियारों लैस होकर चार बदमाश जिम में आए और पिस्टल से पांच राउण्ड फायर कर युवक टिल्लू जाट की हत्या कर दी। फायरिंग में एक अन्य युवक भी घायल हुआ। इसके बाद हमलावर हवाई फायर करते हुए नीले रंग की कार में बैठकर फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे कस्बे में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस की टीमें हमलावरों की तलाश में जुटी हैं, लेकिन पुलिस के हाथ अभी हमलावरों की गर्दन तक नहीं पहुंच पाए हैं। जबकि पुलिस अधिकारी ये दावा कर रहे हैं कि हमलावरों के बारे में उन्हें कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। गुरुवार दोपहर भिवाड़ी पुलिस अधीक्षक अमनदीप सिंह कोटकासिम पहुंचे। उन्होंने हत्याकांड के घटनास्थल हेल्थ क्लब का मौका-मुआयना किया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने हमलावरों की तलाश में जुटे पांच थानाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों की कोटकासिम थाने में बैठक ली। जिसमें पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों से हत्याकांड को लेकर चर्चा की और सभी को अलग-अलग टास्क देते हुए विशेष दिशा-निर्देश दिए।

हमलावरों की तलाश में पुलिस की पांच टीमें

पुलिस अधीक्षक अमनदीप सिंह के निर्देशन और किशनगढ़बास डीएसपी ताराचन्द के नेतृत्व में पुलिस की पांच टीमों का गठन किया गया है। जिसमें कोटकासिम थानाधिकारी राजकुमार मीणा, खैरथल थानाधिकारी दारासिंह, ततारपुर थानाधिकारी अजीत बड़सरा, शाहजहांपुर थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह, किशनगढ़बास थानाधिकारी विक्रम सिंह को शामिल किया गया है। इसके अलावा इस हत्याकाण्ड में तकनीकी टीम का भी गठन किया गया है।

कस्बे में दहशत और चर्चा का माहौल

कस्बे में बुधवार सुबह करीब आठ बजे फायरिंग के दौरान हुई युवक की हत्या के आरोपियों का दूसरे दिन भी पुलिस गिरफ्तार नहीं कर कर पाई है। कोटकासिम में ऐसी घटना पहली बार घटित होने से ग्रामीणों में भय का माहौल देखा जा रहा है। इस मामले की गुत्थी सुलझने का ग्रामीणों को बेसब्री से इंतजार है। गुरुवार को भी कस्बे के लोग इस सनसनीखेज हत्याकांड को लेकर चर्चा करते नजर आए।

कई सुराग हाथ लगे

कोटकासिम कस्बे में हुए हत्याकांड में पुलिस गहनता से पड़ताल में जुटी है। हमलावरों के बारे में पुलिस को कई सुराग हाथ लगे हैं। जिनके आधार पर हमलावरों की तलाश में पुलिस की पांच-छह टीमें काम कर रही हैं। जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- अमनदीप सिंह, पुलिस अधीक्षक, भिवाड़ी।