2 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कांग्रेस को परिवारवाद ले डूबेगा…सोनिया-गहलोत को पुत्रों की चिंता

पूर्वी राजस्थान में ईआरसीपी के मुद्दे का हल निकालने के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री दो दिन से पूर्वी राजस्थान के दौरे पर हैं। दोनों नेताओं ने रविवार को कई स्थानों पर आभार सभाएं की और कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में परिवार बाद हावी है और आज सोनिया गांधी को पुत्र राहुल गांधी और अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत की चिंता सता रही है...।

4 min read
Google source verification
ईआरसीपी को लेकर आयोजित आभार सभा में मौजूद मुख्यमंत्री भजनलाल व अन्य नेता

कांग्रेस को परिवारवाद ले डूबेगा...सोनिया-गहलोत को पुत्रों की चिंता

जयपुर।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्वी राजस्थान की यात्रा के दूसरे दिन रविवार को ईआरएसीपी और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की गारंटियों को लेकर अशोक गहलोत पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी को बेटे राहुल और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को सिर्फ पुत्र वैभव गहलोत की चिंता है। उन्हें जनता से कोई मतलब नहीं है। कांग्रेस में परिवारवाद है, जो किसी दिन कांग्रेस को ले डूबेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने हमेशा झूठ और लूट का काम कर तुष्टिकरण की राजनीति की है। मुझे ध्यान है करौली की वो घटना, जब शांतिपूर्ण तरीके से शोभायात्रा निकल रही थी। तब किस तरह की घटना को अंजाम दिया गया। करौली के अलावा अलवर, भीलवाड़ा, झालावाड़, हनुमानगढ़ और उदयपुर में कन्हैयालाल मामले सहित किस तरह की घटनाएं हुई थी, लेकिन तुष्टिकरण के आधार पर चलने वाली सरकार ने किसी तरह का निर्णय नहीं लिया।
मुख्यमंत्री ने धौलपुर जिले के बाड़ी, करौली, गंगापुर सिटी की सभाओं में ईआरसीपी को लेकर कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जब राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार थी, तब किसी ने साथ नहीं दिया। जबकि राजस्थान-मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार बनते ही मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ईआरसीपी को लेकर तैयार हो गए और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने कोयला की मंजूरी दे दी।

हमने संकल्प पत्र में जो वायदे किए हैं, विश्वास दिलाते हैं कि एक-एक वादे को पूरा करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक-एक गारंटी को पूरा किया जा रहा है। जो कहते हैं वो करते हैं। हमें विश्वास है कि इस बार भी लोकसभा चुनाव में राजस्थान में भाजपा की सभी 25 सीट आएंगी। यात्रा में जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, गृहराज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, सांसद मनोज राजोरिया सहित कई बड़े नेता मौजूद रहे।

जिन्होंने गारंटी दी, उनकी खुद की गारंटी नहीं
गंगापुरसिटी में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर जमकर कटाक्ष किए। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दो माह पहले गारंटी दे रहे थे, लेकिन उनकी खुद की गारंटी नहीं थी। वो झूठे वादे करते हैं और जनता से वोट लेने के बाद उनको पूरा नहीं करते। जबकि हमारी गारंटी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी है। जो पूरा होकर रहती है। हमने ईआरसीपी की गारंटी दी थी, जिसे पूरा कर दिया। सिलेण्डर, दिव्यांगों की पेंशन बढ़ांने की गारंटी, वो पूरी कर दी है।

कांग्रेस ने कभी गरीब, श्रमिक के साथ न्याय नहीं किया
मुख्यमंत्री ने धौलपुर में मंच कुंड तीर्थ स्थल पर कार्यक्रम में कहा कि राहुल गांधी कभी भारत जोड़ो तो कभी न्याय यात्रा निकालते हैं, क्या इन्होंने या कांग्रेस पार्टी ने गरीब, मजदूर और आम व्यक्ति के साथ न्याय किया है। कांग्रेस बताए इन्हें न्याय यात्रा निकालने की जरूरत क्यों पड़ी। इन्होंने हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति की है। ईआरसीपी पर कांग्रेस ने भटकाने का काम किया। राहुल के धौलपुर दौरे को लेकर कहा कि राजकुमार आ रहे हैं। ये राजकुमार पिछले चुनाव में किसानों से कर्जमाफी के नाम पर मजाक करके गए थे। अब चार दिन यात्रा करके आराम करने विदेश चले जाते हैं। युवराज कभी टी-शर्ट तो कभी कुर्ता पहन कर आते हैं। ये किसान का दर्द क्या समझेंगे। ये मां का मजाक बनाते है। मां की मेहनत से बनाई रोटी दिखाते है। इन्होंने उस मां की इज्जत नहीं की। सीएम ने राहुल पर तंज कसते हुए कहा कि इनके घर में जितने गेट होते थे, उतनी ही बाहर गाड़ी खड़ी रहती थी। हमारे पास तो साइकिल भी नहीं होती थी। ये गरीब का क्या विकास करेंगे।

कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी को नहीं भूलेगी जनता
मुख्यमंत्री ने राहुल को झूठ का सौदागर बताते हुए कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस के युवराज को कभी नहीं भूलेगी। युवराज के झांसों में अब प्रदेश की जनता नहीं आने वाली है। जनता जानती है कि ये वही नेता हैं, जिन्होने दस तक गिनती गिनकर संपूर्ण कर्जमाफी का झूठा वादा किया था। सरकार बनने के बाद ये गायब हो गए और जब विधानसभा चुनाव आए तो बहन प्रियंका को राजस्थान भेजा। पिछले पांच सालों में संपूर्ण कर्जमाफी होना तो दूर 20 हजार से ज्यादा किसानों की जमीनें नीलाम हो गई, और कर्ज से तंग आकर प्रदेश में सैंकड़ों किसानों को आत्महत्या करनी पड़ी थी। राहुल बाबा धौलपुर मे केवल डेढ़ मिनट बोले लेकिन जो अन्याय पिछली कांग्रेस सरकार मे हुआ उसका तो हिसाब बता जाते।

70 साल भष्टाचार के सिवाय कुछ नहीं
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश को बीते 70 सालों में भ्रष्टाचार के सिवाय कुछ नहीं दिया। गरीबी हटाने का नारा देने वाली कांग्रेस ने लूट और झूठ के बल पर देश की जनता को गुमराह करने का काम किया। गांव गरीब और किसान की सुनने वाला इस देश में कोई दल है तो वह भाजपा है। आम आदमी की रोजमर्रा से जुड़ी छोटी-छोटी चीजों पर पहली बार किसी ने ध्यान दिया तो वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं। आम आदमी का जीवन कैसे सरल हो सके, उसे आवश्यकता की चीजें मुहैया कराना और आत्मनिर्भर बनाना पीएम मोदी ने इस दिशा में ऐतिहासिक कार्य किये हैं।

अध्यापकों के दर्द बयां करने पर गहलोत ने क्या की कार्रवाई
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि गहलोत जी ने एक बार अध्यापकों के ट्रांसफर मामले में उनसे पूछा तो उनके सामने ही अध्यापकों ने कह दिया कि हां बिना पैसे लिए ट्रांसफर नहीं होते। मुझे हैरानी है कि एक मुख्यमंत्री के सामने सार्वजनिक रूप से अध्यापकों ने अपना दर्द बयान किया, लेकिन मैं पूछना चाहता हूं कि प्रदेश का मुखिया होने के नाते इस मामले में गहलोत जी ने क्या कार्रवाई की?

देश तोड़ने वाले अब न्याय यात्रा निकाल रहे - जोशी
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि धौलपुर में आलू से सोना बनाने वाले जादूगर पहुंचे हैं। पहले भारत जोड़ो यात्रा निकाली, उनके पुरखों ने धारा 370 लगाकर देश को तोडऩे का काम किया और अब न्याय यात्रा निकाल रहे हैं।

ईआरसीपी से 21 जिलों की बदलेगी तस्वीर - शेखावत
केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने ईआरसीपी को लेकर प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि इससे मध्यप्रदेश और राजस्थान के बीच समझौता होने से 3500 एमसीएफ से ज्यादा पानी मिलेगा। इस 45 हजार करोड़ की परियोजना से पूर्वी राजस्थान की 2.80 लाख हैक्टेयर भूमि सरसब्ज हो सकेगी और पीने को भी पानी मिलेगा। इससे 21 जिलों की तकदीर और तस्वीर बदलेगी।

Story Loader