
कोरोना का संक्रमण: बाजार में पल्स ओक्सीमीटर, पीपीई किट व ऑक्सीजन रेगूलेटर का टोटा, 15 दिन में दोगुने हो गए दाम
अलवर. अलवर जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या में तेजी से वृद्धि के कारण बाजार में पल्स ऑक्सीमीटर, पीपीई किट व ऑक्सीजन रेगूलेटर की भारी कमी हो गई है। घरेलू स्तर पर ही कोरोना संक्रमण की जांच के लिए लोग पल्स ऑक्सीमीटर खरीद रहे हैं, इस कारण बाजार में इसका अभाव हो गया है। अलवर के मेडिकल बाजार में पिछले कई दिनों से पीपीई किट व ऑक्सीजन रेगूलेटर आदि की कमी बनी हुई है। मरीजों के परिजन दुकानों के चक्कर काट रहे हैं लेकिन कोई जवाब नहीं मिल रहा है। हालात यह है कि आते ही सामान खत्म हो रहा है। बिना संसाधनों के मरीजों की जान बचाना मुश्किल हो रहा है।
15 दिनों में दोगुने हो गए दाम
पिछले 15 दिनों में कोरोना का विकराल रूप सामने आने के बाद बाजार में इनकी मांग बढी गई है। प्रतिदिन 100 से 150 लोगों को सामान की जरूरत पड़ रही है। साथ ही दाम भी दोगुने हो गए हैं। सामान्यत: पीपीई किट 200 से 300 रुपए में मिलती है लेकिन इन दिनों 800 से 1000 में बिक रही है। पल्स ऑक्सीमीटर लोकल 400 से 500 में आता है लेकिन अब यह 1300 रुपए तक में बिक रहा है, जबकि कंपनी का ऑक्सीमीटर 1000 वाला 1500 से 1700 में मिल रहा है। 80 पैसे वाला मास्क भी इन दिनों 3 रुपए में बिक रहा है। इधर ऑक्सीजन सिलेंडर तो मिल रहे हैँ लेकिन उनको चलाने के लिए रेगूलेटर महंगे दामों में भी नहीं मिल रहे हैं।
क्या काम आता है पल्स ऑक्सीमीटर
कोरोना मरीजों के ऑक्सीजन लेवल तथा हार्टबीट को जांचने के लिए पल्स ऑक्सीमीटर जरूरी होता है। यदि मरीज का ऑक्सीजन स्तर कम हो जाता है तो तुरंत डाक्टर की जरुरत होती है। इसलिए इसकी जरुरत कोरोना रोगियों को अधिक होती है।
अलवर शहर के रामगंज स्थित मेडिकल बाजार में सर्जिकल सामान के विक्रेता नरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि पल्स ऑक्सीमीटर व पीपीई किट की मांग अचानक से बढ़ गई है। दिल्ली ,जयपुर व हरियाणा के लोग भी अलवर आ रहे हैं। दो दिन से बाहर से सप्लाई नहीं आ रही है। यदि आती है तो बहुत कम, जिसके चलते आते ही सामान खत्म हो रहा है। ग्राहक कई दिनों से इंतजार कर रहे हैं।
केस 1
साठ फीट रोड निवासी सतीश अरोडा ने बताया कि उनकी भांजी कोरोना पॉजिटिव है, निजी अस्पताल में भर्ती है उनके पास जाने के लिए पीपीई किट की जरूरत है लेकिन बाजार में नहीं मिल रही है। पीपीई किट के बिना मरीज से मिलना मुश्किल है। उन्होंने बताया कि अधिक कीमत पर भी पीपीई किट मिलना मुश्किल हो गया है।
केस 2
मालवीय नगर निवासी बिजेंद्र शर्मा ने बताया कि मेरा रिश्तेदार कोरोना पॉजिटिव है। उनकी तबीयत ज्यादा खराब है। ऑक्सीजन लेवल जानने के लिए पल्स ऑक्सीमीटर की जरूरत है लेकिन बाजार में नहीं मिल रहा है। अलवर के सारे मेडिकल स्टोर पर पूछ लिया किसी के पास भी नहीं है। बहुत परेशानी हो रही है। दो दिन में आने की बात कहीं है।
Published on:
25 Apr 2021 05:44 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
