
850 करोड़ के अस्पताल में सभी सेवाएं निःशुल्क, प्रचार-प्रसार के आभाव में जनता को नहीं मिल रहा लाभ
अलवर. एमआईए में 850 करोड़ की लागत से बने ईएसआइसी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज परिसर में सुविधाओं का विस्तार किया गया है। लेकिन प्रचार-प्रसार के अभाव में यहां मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी आमजन तक नहीं पहुंच पा रही। इस कारण निःशुल्क सेवाएं होने के बाद भी आमजन का अस्पताल जुड़ाव नहीं हो पाया है। केंद्र सरकार ने यहां चिकित्सकीय परामर्श, जांच, भर्ती होने, दवाइयों सहित सभी सेवाएं निःशुल्क प्रदान की है। यहां तक की मरीज के लिए निशुल्क भोजन की व्यवस्था भी की गई है। लेकिन प्रचार-प्रसार नहीं होने के कारण यहां अपेक्षाकृत बेहद कम लोग इलाज के लिए आ रहे हैं। निशुल्क सेवाओं के बाद भी अस्पताल की ओपीडी 200 के करीब ही पहुंच रही है।
अस्पताल में मिल रही निशुल्क सेवाएं
ईएसआइसी अस्पताल में साक्षात्कार व अन्य माध्यमों से चिकित्सकों की भर्ती कर ली गई है। यहां स्कीन, मेडिसिन, सर्जरी, प्रसूता एवं स्त्री रोग, बाल चिकित्सा, ईएनटी, नेत्र रोग, डेंटल, टीबी व चेस्ट सम्बंधित रोग, हड्डी रोग, फिजियोथेरेपी आदि की ओपीडी संचालित है। वहीं सुपर स्पेशलिटी सेवाओं में कार्डियोलॉजी, यूरोलॉजी, कैंसर रोग और बाल चिकित्सा सर्जरी हो रही है। वहीं सीबीसी, थाइरॉयड, किडनी फंक्शन टेस्ट, लिवर फंक्शन टेस्ट, यूरिन टेस्ट किए जा रहे हैं। वहीं अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे भी निःशुल्क हो रहे हैं। अस्पताल में 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं संचालित हैं। 10 बैड का आईसीयू है।
निशुल्क बसें चल रही, यात्री नहीं आ रहे
अलवर शहर से ईएसआइसी अस्पताल के लिए प्रतिदिन निशुल्क बस सेवा की सुविधा भी है। निशुल्क बस सुबह साढ़े 7 बजे मिलिट्री अस्पताल से रवाना होती है। इसके बाद साढ़े 11 बजे दूसरा राउंड भी रहता है। प्रतिदिन 104 किलोमीटर के चक्कर लगाने के बाद भी दिनभर में 20 मरीज भी बसों में नहीं आ रहे हैं। प्रचार-प्रसार नहीं होने के कारण अलवर की जनता को निशुल्क सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है ।
कोरोना की दूसरी लहर के चलते सामान्य सेवाएं प्रभावित हुई थी। कोरोना संक्रमण कम होने के बाद लोग पहुंच रहे हैं। आगामी दिनों में प्रचार-प्रसार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, जिससे आमजन को सेवाओं का लाभ मिल सके।
विवेक तिवारी, चिकित्सा अधीक्षक, ईएसआइसी अस्पताल
Published on:
4 Jul 2021, 11:09 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.