
fire incident
अलवर.जिले के भिवाड़ी में चौपानकी थाना क्षेत्र के पथरेड़ी औद्योगिक इलाके में स्थित एक फैक्ट्री में गुरुवार दोपहर करीब 12.30 बजे आग लग गई। आग लगने की घटना के समय फैक्ट्री में 200 से ज्यादा श्रमिक व कर्मचारी काम कर रहे बताए, जो धुआं उठते देख वहां से भाग खड़े हुए। इसके कारण कोई जनहानि नहीं हुई। फैक्ट्री में एक तरफ तारकोल का भंडार था। गनीमत रही कि आग की लपटें तारकोल तक नहीं पहुंची। अन्यथा आग और भी भयानक रूप धारण कर
सकती थी।
आग पर काबू पाए जाने के दौरान फैक्ट्री से सामान को बाहर निकलते समय एक कर्मचारी के पैर में चोट आ गई। वहीं आग से फैक्ट्री के पिछवाड़े की दीवार में दरारें आ गई।
फैक्ट्री में आग लगने का कारण वहां की जा रही वैल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी बताई गई है, जिससे रबर व गत्तों ने आग पकड़ी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की सूचना पर करीब आधा दर्जन दमकल मौके पर पहुंची। कु छ दमकलें हरियाणा के बावल व तावड़ू से भी मंगाई गई। दमकलों की मदद से करीब 5 घंटे से अधिक समय तक कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग से फैक्ट्री की कई मशीनें भी जलकर खराब हो गई। साथ ही दीपावली को देखते हुए तैयार किया गया मैट व कारपेट भी आग की भेंट चढ़ गया।
आग लगने की यह घटना चौपाहिया वाहनों में बिछाए जाने वाले मैट व कारपेट बनाने की फैक्ट्री पैराकोट में लगी। इन्हें बनाने में रबर और गत्ते का इस्तेमाल होता है। ये दोनों ही ज्वलनशील हैं। आग की सूचना पर अग्निशमन दलों के साथ चौपानकी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। सूचना मिलते ही भिवाड़ी से अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र मीणा और चौपानकी थाना प्रभारी महेश तिवाड़ी भी मौके पर पहुंचे।
यह कहना है प्रशासनिक व्यवस्था का
आग की सूचना हमें जयपुर कंट्रोल रूम से मिली। फैक्ट्री में जिस समय आग लगी, उस समय वहां बैल्डिंग का काम हो रहा था। इससे निकली चिंगारी ने वहां रखे रबर और गत्तों ने आग पकड़ ली, जो बाद में विकराल हो गई। फैक्ट्री से सामान बाहर निकलवाया गया। इस दौरान फैक्ट्री के एक कर्मचारी के पैर में चोट आई है। क्षेत्र की ज्यादातर कंपनियों में आग की सुरक्षा के उपकरण पर्याप्त नहीं होने से समस्या ज्यादा आती है। इसे गंभीरता से लेकर कार्रवाई की जाएगी।
-देवेंद्र मीणा, अग्निशमन अधिकारी, भिवाड़ी।
Published on:
26 Oct 2018 02:01 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
