
मृतका निशा। फोटो: पत्रिका
अलवर। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराना में हीरो चौक पर टेम्पो चालक की ओर से दो युवतियों को कथित रूप से जबरन अपने साथ ले जाने और अपहरण का प्रयास करने के मामले में गंभीर रूप से घायल हुई 19 वर्षीय युवती निशा बैरवा की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में आरोपी टेम्पो चालक को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। युवती की मौत के बाद अब प्रकरण में मर्डर से संबंधित धाराएं जोड़ी जाएंगी।
जानकारी के अनुसार 21 अगस्त की रात नयापुरा लाखेरी जिला बूंदी निवासी जयश्री बैरवा और निशा बैरवा पुत्री परमानंद बैरवा हीरो चौक से टेम्पो में बैठी थीं। हीरो चौक पर एक टेम्पो खड़ा मिला, जिसमें दोनों युवतियां बैठकर अपने कमरे की ओर जाने लगी। रिपोर्ट में आरोप लगाया कि रास्ते में टेम्पो चालक ने वाहन तेज गति से चलाना शुरू कर दिया और कथित रूप से बदनीयती से दोनों युवतियों को अपने साथ ले जाने लगा। युवतियों के चिल्लाने पर भी चालक ने टेम्पो नहीं रोका। इस दौरान रास्ते में हुई घटना के दौरान दोनों को गंभीर चोटें आई।
घटना के बाद टेम्पो चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों की मदद से दोनों बहनों को अस्पताल पहुंचाया गया। निशा को गंभीर चोटें आईं। निशा को उपचार के लिए पहले बहरोड़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जयपुर रेफर कर दिया, जहां निम्स अस्पताल में उसका उपचार चल रहा था। रविवार को इलाज के दौरान निशा ने दम तोड़ दिया।
थानाधिकारी सुरेंद्र यादव ने बताया कि मामले को लेकर मृतका की बहन जयश्री बैरवा ने 22 अगस्त को थाने में अपहरण के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपी टेम्पो चालक नवीन (30) पुत्र विक्रम सिंह, निवासी तालाब वाला मोहल्ला, नीमराणा को गिरफ्तार कर लिया था। युवती की मौत के बाद प्रकरण में हत्या से संबंधित धाराएं जोड़ी जाएंगी।
मृतक निशा बैरवा और उसकी बहन जयश्री बैरवा नीमराना औद्योगिक क्षेत्र में रहकर एक कम्पनी में काम करती थीं। दोनों बहनें नीमराना में ही किराये के मकान में रह रही थीं। निशा की मौत की सूचना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Updated on:
31 Aug 2026 02:42 pm
Published on:
31 Aug 2026 02:42 pm
