राजस्थान विधानसभा चुनावों में अब बेहद कम समय बचा है, ऐसे में दोनों पार्टियां चुनावी रणनीति बनाने व तैयारियों में जुट गई हैं। विधानसभा चुनावों से पूर्व ही आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरु हो गया है। विधानसभा चुनावों से पूर्व भाजपा ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाया है। अलवर में भाजपा ने कांग्रेस पर गलत मतदाता सूची उपलब्ध कराकर शहर में रहने वाले जीवित मतदाताओं का नाम कटवाने का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर अलवर शहर विधानसभा प्रभारी अशोक गुप्ता ने एसीएम को पत्र लिखा है। भाजपा की ओर से इस पत्र में आरोप लगाया गया है कि कांग्रेस की सूची में ऐसे लोगों के नाम हैं, जो शहर में निवास कर रहे हैं और जीवित हैं, लेकिन पिछले चुनावों में भाजपा को मिले अधिक मतों को आधार बनाकर यह सूची प्रशासन को उपलब्ध कराई जा रही है। भाजपा का आरोप है कि पिछले विधानसभा चुनावों में शहर में फर्जीवाड़ा कर 45 हजार मतदाताओं के नाम सूची से हटवा दिए थे। इनकी जानकारी मतदान के दिन हुई, मतदाता जब वोट डालने पहुंचे तो उन्हें मतदाता सूची में नाम नहीं मिले। उन्होंने बीएलओ को निर्देश देने की मांग की है कि मतदाता सूची में दर्ज नामों को सत्यापन के बाद ही हटाया जाए।