6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान में यहां रीट परीक्षा में नकल कराने वाला गिरोह पकड़ा, आरोपी बिजली निगम में जेईएन, मांग रहे थे 5 लाख रूपए

अलवर जिले में रविवार को होने वाली रीट परीक्षा पास कराने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से वसूली की जा रही है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए अरावली विहार थाना पुलिस ने नकल गिरोह के दो सदस्य भीमसिंह मीणा (30) पुत्र कैलाशचंद मीणा निवासी मुकंदपुरा-रैणी हाल मोती नगर-अलवर और मूलचंद मीणा (33) पुत्र छीतरमल मीणा निवासी उकेरी-रैणी को गिरफ्तार किया है।

2 min read
Google source verification

अलवर

image

Lubhavan Joshi

Sep 25, 2021

Rajasthan Police Arrest REET Exam Cheating Gang In Alwar

राजस्थान में यहां रीट परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह पकड़ा, आरोपी बिजली निगम में जेईएन, मांग रहे थे 5 लाख रूपए

अलवर. रीट परीक्षा में काफी सख्ती के बाद भी नकल गिरोह सक्रिय हैं। अलवर पुलिस ने जयपुर एसओजी की सूचना पर कार्रवाई करते हुए नकल गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जिनमें से एक बिजली निगम में जेईएन है तथा दूसरा शराब ठेकेदार एवं प्रोपर्टी डीलर है। पुलिस गिरोह के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के प्रयासों में जुटी है। उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले शुक्रवार को बहरोड़ थाना पुलिस ने रीट परीक्षा में नकल कराने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से वसूली करने वाले गिरोह के एक सदस्य को 11 लाख रुपए के साथ गिरफ्तार किया था।

अलवर पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि अलवर पुलिस को शुक्रवार को एसओजी से अलवर जिले में रविवार को होने वाली रीट परीक्षा पास कराने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से वसूली की जा रही है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए अरावली विहार थाना पुलिस ने नकल गिरोह के दो सदस्य भीमसिंह मीणा (30) पुत्र कैलाशचंद मीणा निवासी मुकंदपुरा-रैणी हाल मोती नगर-अलवर और मूलचंद मीणा (33) पुत्र छीतरमल मीणा निवासी उकेरी-रैणी को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से रीट की परीक्षा के कई अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र तथा मोबाइल में परीक्षा से सम्बन्धित कई दस्तावेज मिले हैं। उनके कब्जे से दो कार और दो मोबाइल भी जब्त किए गए हैं।

अभ्यर्थी से टोकन मनी के रूप में 8 हजार लेते धरा

नकल गिरोह के गिरफ्तार सदस्य अभ्यर्थियों से रीट परीक्षा पास कराने, सेंटर बदलवाने और परीक्षा में डमी कंडीडेट बैठाने का झांसा देकर लाखों रुपए की वसूली करते थे। उन्होंने एक अभ्यर्थी से परीक्षा पास कराने का झांसा देकर टोकन मनी के रूप में 8 हजार रुपए भी वसूले थे। अभ्यर्थी से उक्त राशि लेते ही पुलिस ने नकल गिरोह के भीमसिंह मीणा और मूलचंद मीणा को दबोच लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से अभ्यर्थी से वसूले गए 8 हजार रुपए भी बरामद कर लिए हैं।

अभ्यर्थियों से पांच-पांच लाख रुपए की डिमांड कर रहे थे

पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि गिरफ्तार मुल्जिम रीट परीक्षा पास कराने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से 5-5 लाख रुपए की डिमांड कर रहे थे। एक अभ्यर्थी से उन्होंने सौदा तय कर 10 हजार रुपए टोकन मनी मांगी और बाद में 8 हजार रुपए टोकन मनी लेना तय किया। अभ्यर्थी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने अभ्यर्थी की शिकायत पर दोनों मुल्जिमों को दबोच लिया। इस मामले में अभ्यर्थी की ओर से ही एफआइआर दर्ज कराई गई है।

एक जेईएन और दूसरा शराब ठेकेदार

पुलिस ने नकल गिरोह के मुख्य सदस्य भीमसिंह मीणा और मूलचंद मीणा को गिरफ्तार किया है। भीमसिंह मीणा शराब ठेकेदार एवं प्रोपर्टी डीलर है तथा दूसरा सदस्य मूलचंद मीणा बिजली निगम में जेईएन है। वह बिजली निगम के सहायक अभियंता कार्यालय रैणी में पदस्थापित है।

फर्जी तरीके से नौकरी हासिल करने का संदेह

पुलिस को संदेह है कि मुल्जिम मूलचंद मीणा ने भी फर्जी तरीके से बिजली निगम में जेईएन पद पर नौकरी हासिल की हो। पुलिस इसकी पड़ताल में जुटी है। साथ ही दोनों मुल्जिमों से गहनता से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों तथा नकल से सम्बन्धित अन्य राज उगलवाने के प्रयासों में लगी हुई है।

एसपी ने की अभ्यर्थियों से अपील

पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने रीट परीक्षा में बैठने वाले अभ्यर्थियों से अपील है कि परीक्षा पास कराने के नाम पर वसूली करने वालों के बहकावे में नहीं आए। यदि कोई इस प्रकार को गिरोह पकड़ा जाता है और किसी अभ्यर्थी से सम्बन्ध पाया जाता है तो उसकी अर्हता समाप्त हो जाएगी तथा उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। साथ ही किसी के पास इस सम्बन्ध में कोई जानकारी हो तो नियंत्रण कक्ष और नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें।