
बड़ी खबर: बहुचर्चित रकबर मॉब लिंचिंग मामले में पांचवा आरोपी नवल किशोर गिरफ्तार, कई घंटे पूछताछ और फिर गिरफ्तारी
अलवर. बहुचर्चित रकबर मॉब लिंचिंग मामले में अलवर पुलिस ने गुरुवार रात पांचवे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में चार आरोपी पूर्व में गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जो कि फिलहाल न्यायिक अभिरक्षा में चल रहे हैं। उन सभी के खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किया जा चुका है।
जानकारी के अनुसार 20 जुलाई 2018 की रात हरियाणा निवासी रकबर उर्फ अकबर और उसका साथी असलम दो गायों को लेकर रामगढ़ के ललावंडी गांव गुजर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें पकड़ पकड़ लिया और गौ तस्करी के शक में उनकी धुलाई बना दी। असलम भीड़ से छुड़ा कर भाग गया। जबकि लोगों ने रकबर को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया था। इसके बाद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस देर रात गांव में पहुंची और गायों को बरामद कर घायल रकबर को साथ ले आई। घटना के करीब 4 घंटे बाद रकबर की पुलिस कस्टडी में मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने 5 जनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। जिसमें आरोपी परमजीत सिंह, धर्मेंद्र और नरेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान पेश कर दिया था तथा शेष दो आरोपी विजय कुमार और नवल किशोर शर्मा के खिलाफ 173/ 8 के तहत अनुसंधान लंबित रखा। इस मामले में पुलिस ने कुछ समय बाद आरोपी विजय कुमार को भी गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया था तथा उसके खिलाफ न्यायालय में चालान भी पेश कर दिया था। मामले में आरोपी नवल किशोर शर्मा निवासी रामगढ़ फरार चल रहा था। इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमनलाल मीणा ने अनुसंधान में नवल किशोर शर्मा को भी दोषी माना। पुलिस ने रकबर मोब लिंचिंग मामले के पांचवे आरोपी नवल किशोर शर्मा को गुरुवार रात करीब 10 बजे गिरफ्तार कर लिया। जिसे शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
घटना से देश दुनिया में मच गया था बवाल
अलवर के रामगढ़ क्षेत्र स्थित ललावंडी गांव में हुई रकबर मॉब लिंचिंग की घटना से देश-दुनिया में बवाल मच गया था। पूरे देशभर के मीडिया ने रामगढ़ में पड़ाव डाल दिया था। काफी दिनों तक यह मामला जबरदस्त सुर्खियों में छाया रहा।
न्यायालय में सुनवाई अंतिम चरण में
रकबर मॉब लिंचिंग मामले में तीन आरोपी परमजीत सिंह, धर्मेंद्र और नरेश के खिलाफ अलवर एडीजे संख्या-एक कोर्ट में सुनवाई अंतिम चरण में चल रही है। इस मामले में हाई कोर्ट की तरफ से फ़िलहाल फैसले पर रोक लगाई हुई है।
पहले कई घंटे पूछताछ और फिर गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार रामगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी नवल किशोर शर्मा को शाम को ही पकड़ लिया था। कई घंटे तक नवल किशोर से पुलिस ने रामगढ़ थाने में बैठाकर पूछताछ की। उसके बाद रात करीब 10 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पांचवे आरोपी की गिरफ्तारी हुई
रामगढ़ के रकबर मॉब लिंचिंग मामले में पुलिस ने गुरुवार रात पांचवे आरोपी नवल किशोर शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नवल किशोर के खिलाफ 173/8 में अनुसंधान लंबित था। जांच में उसे दोषी मान गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रकरण में चार आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर उनके खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किया जा चुका है।
- तेजस्विनी गौतम, जिला पुलिस अधीक्षक, अलवर।
Published on:
18 Jun 2021 09:14 am
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
