परीक्षार्थियों ने परीक्षा केंद्र के अधिकारियों पर प्रश्न पत्र लीक करा कुछ अभ्यर्थियों को एक अलग कमरे में नकल करवाने का आरोप लगाया। परीक्षार्थियों ने आरोप लगाया कि परीक्षा केंद्र के कमरा नंबर तीन पर अध्यापक कुछ परीक्षार्थियों को नकल करा रहे हैं। कमरे में रीट से जुड़ी गाइड भी मिली। उक्त कमरे में परीक्षा दे रहे परीक्षार्थियों को पहले ही ओएमआर शीट भरकर दे दी गई थी। जब्कि अन्य कक्षों में परीक्षा शुरू होने के एक घंटे बाद भी प्रश्न पत्र नहीं पहुंचा था। प्रश्न पत्र नहीं मिलने के कारण परीक्षार्थी केंद्र के बाहर आकर हंगामा करने लगे। परीक्षा केंद्र पर पहली पारी में करीब 600 परीक्षार्थियों ने परीक्षा नहीं दी। हंगामे के बाद जिला कलक्टर नन्नूमल पहाड़िया, भिवाड़ी पुलिस अधीक्षक राममूर्ति जोशी, अलवर पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराने का प्रयास किया। जिला कलक्टर ने बताया कि पहली पारी की परीक्षा फिर से होगी।