scriptनपा चुनाव: प्रत्याशियों को सूची का नहीं सिम्बल का इंतजार | sariska letest election news | Patrika News

नपा चुनाव: प्रत्याशियों को सूची का नहीं सिम्बल का इंतजार

locationअलवरPublished: Nov 25, 2020 11:15:54 pm

Submitted by:

Prem Pathak

अलवर. नगर पालिका चुनाव लडऩे के इच्छुक प्रत्याशियों को अब कांग्रेस व भाजपा की सूची का नहीं, बल्कि उनके नाम के सिम्बल जमा होने का इंतजार है। कारण है कि इस बार चुनाव में दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दल प्रत्याशियों के नामों को लेकर अपने पत्ते आखिरी दिन और अंत समय में ही खोलेंगे।

नपा चुनाव: प्रत्याशियों को सूची का नहीं सिम्बल का इंतजार

नपा चुनाव: प्रत्याशियों को सूची का नहीं सिम्बल का इंतजार

अलवर. नगर पालिका चुनाव लडऩे के इच्छुक प्रत्याशियों को अब कांग्रेस व भाजपा की सूची का नहीं, बल्कि उनके नाम के सिम्बल जमा होने का इंतजार है। कारण है कि इस बार चुनाव में दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दल प्रत्याशियों के नामों को लेकर अपने पत्ते आखिरी दिन और अंत समय में ही खोलेंगे। संभवत: दोनों ही पार्टियां बगावत के डर से इस बार प्रत्याशियों के नामों की घोषणा में सावचेती बरत रही हैं।
नगर पालिका चुनाव के लिए नामांकन में मात्र दो दिन बचे हैं, लेकिन अभी तक प्रमुख पार्टियां कांग्रेस व भाजपा ने अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा नहीं की है। इस बार दोनों ही प्रमुख पार्टियां अंतिम दिन 27 नवम्बर को सीधे ही प्रत्याशियों के नामों के सिम्बल जमा कराएगी या अंतिम दिन सूचियां जारी करेंगी।
दोनों ही प्रमुख दलों को बगावत का भय सताया

नगर पालिका के पूर्व के चुनाव में कांग्रेस व भाजपा की प्रत्याशियों के नामों की सूचियां प्राय: नामांकन की अंतिम तारीख से पहले ही जारी कर दी जाती थी, लेकिन इस बार ऐसा नहीं है। कांग्रेस व भाजपा टिकट के दावेदार अब सिम्बल मिलने का इंतजार कर रहे हैं। दोनों ही दलों ने संभवत: यह निर्णय पूर्व के अनुभवों के आधार पर किए हैं। टिकट के दावेदार ज्यादा होने के कारण कांग्रेस में बगावत का खतरा ज्यादा है, इसलिए कांग्रेस ने इस बार सीधे ही सिम्बल जमा कराने का फैसला किया है। भाजपा ने भी बगावत के डर से इस बार नामांकन के आखिरी दिन ही प्रत्याशियों के नामों की घोषणा करने का मानस बनाया है।
भाजपा उत्तर जिला के चार सिंगल पैनल प्रदेश को सौंपे

भाजपा जिला अलवर के उत्तर जिलाध्यक्ष बलवान सिंह यादव ने बुधवार को बहरोड़, तिजारा, किशनगढ़बास व खैरथल नगर पालिका चुनाव के लिए प्रत्याशियों के एक से लेकर तीन नामों के पैनल प्रदेश नेताओं को सौंप दिए। जिलाध्यक्ष यादव ने प्रदेश नेताओं से पैनलों में शामिल दावेदारों के नामों पर चर्चा भी की है। चर्चा के बाद भाजपा उत्तर जिले की चार नगर पालिकाओं के 120 वार्डों के लिए एक-एक नाम का पैनल तैयार किया गया। प्रदेश नेताओं ने पैनल पर चर्चा कर आगामी 27 नवम्बर को प्रत्याशियों के नामों की घोषणा करने की बात कही है। वहीं दक्षिण के जिलाध्यक्ष संजय नरूका गुरुवार को जयपुर में प्रदेश नेताओं से खेरली का पैनल सौंपेंगे तथा राजगढ़ के पैनल पर चर्चा करेंगे।
भाजपा में राजगढ़ का पेच अटका

भाजपा की ओर से जिले की छह नगर पालिकाओं में से भाजपा के 5 नगर पालिकाओं के पैनल तैयार हैं और केवल राजगढ़ के पैनल पर पेच अटका है। राजगढ़ नगर पालिका चुनाव के लिए निकाय प्रभारी पहले ही प्रदेश मुख्यालय को पैनल सौंप चुके हैं। वहीं जिला प्रभारी ने बुधवार को दिन भर राजगढ़ में मौजूद रहकर स्थानीय नेताओं, टिकट के दावेदारों एवं लोगों से प्रत्याशियों को लेकर चर्चा की। जिलाध्यक्ष नरूका पहले ही राजगढ़ के पैनल को लेकर एक बार प्रदेश नेताओं से चर्चा कर चुके हैं, वहीं गुरुवार को फिर चर्चा करेंगे। भाजपा की ओर से राजगढ़ के पैनल को लेकर अलग-अलग तरीके से फीड बैक लिया जा रहा है। यही कारण है कि अभी तक राजगढ़ के पैनल को अंतिम रूप नहीं दिया जा सका है।
कांग्रेस आज सिंगल नाम पैनल तैयार करेगी

कांग्रेस की ओर से छह नगर पालिकाओं के ज्यादातर वार्डों में तीन-तीन दावेदारों के पैनल किए जा चुके हैं। राजगढ़ व खेरली के कुछ वार्डों का पेच अभी अटका है। कार्यकारी जिलाध्यक्ष योगेश मिश्रा ने बताया कि पार्टी के जिला पर्यवेक्षक डॉ. जितेन्द्र सिंह व सह पर्यवेक्षक मुकेश भांखर गुरुवार को अलवर आएंगे तथा सभी छह नगर पालिकाओं के पैनलों पर स्थानीय विधायक, ब्लॉक अध्यक्ष, नेताओं, कार्यकर्ताओं, श्रम राज्य मंत्री एवं जिलाध्यक्ष टीकाराम जूली से चर्चा कर एक-एक नाम के पैनल को अंतिम रूप देंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र सिंह से भी पैनल को लेकर दूरभाष पर चर्चा की जाएगी। बाद में पार्टी की ओर से 27 नवम्बर को सीधे ही प्रत्याशियों के सिम्बल जमा कराए जाएंगे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो