
भारत बंद के समर्थन में अलवर के व्यापारी व सामाजिक संगठन, शहर को बंद रख एससी-एसटी एक्ट में संशोधन का करेंगे विरोध
एससी-एसटी संशोधन विधेयक को लेकर सर्व समाज संघर्ष समिति अलवर ने गुरुवार को जिला बंद रखने का ऐलान करते हुए भारत बंद का समर्थन किया है। बंद का समर्थन करते हुए कई संगठन व समाजों के प्रतिनिधियों ने कहा कि अभी तक किए गए बन्द भय, दबाव व डण्डे के बल पर किए गए हैं, लेकिन इस बार स्वेच्छा से बंद रखा जाएगा।
सर्व समाज संघर्ष समिति अलवर के संयोजक सुभाष अग्रवाल ने कहा कि यह लड़ाई एससी-एसटी से नहीं है। बल्कि खुद के अधिकारों के लिए है। बंद में किसी भी पार्टी का दखल नहीं होगा। पार्टी के जो नेता उनका साथ देंगे आगे जनता उनका साथ देगी। जिला अभिभाषक संघ ने बंद के समर्थन का ऐलान किया है।
इसके अलावा अलवर वाहिनी का संचालन और केड़लगंज में ट्रांसपोर्ट का कार्य बन्द रखने की घोषणा की गई। ब्राह्मण समाज, राजपूत समाज, पुरुषार्थी, सिख पंजाबी, जांगिड़ समाज,व्यांपार संघ, बाबा बर्फानी सेवा समिति,प्रजापत समाज सहित अनेक समाज व संगठनों ने बंद का पूरा समर्थन किया है। इस दौरान रमेश जुनेजा, महेन्द्र शर्मा, सुरेश गुप्ता, गफूर खान, पृथ्वी सिंह, मोहनस्वरूप भारद्वाज, दीनदयाल शर्मा, आकाश, राजेन्द्र शर्मा, राकेश व धर्मेन्द्र पवित्र सहित काफी संख्या में अलग-अलग समाज व संगठनों के पदाधिकारी मौजूद थे।
वाहन रैली भी निकाली: बन्द से पहले बुधवार शाम को बाबा बर्फानी सेवा समिति ने शहर में रैली निकाली। जिसके जरिए अलवर जिला बन्द का संदेश दिया गया।
ऐसे रहेगा बन्द
बंद समर्थक सुबह होपसर्कस पर एकत्र होंगे। साढ़े 11 बजे एक्ट के विरोध में कलक्टर को ज्ञापन दिया जाएगा। बंद को लेकर हुई बैठक में सर्वसमाज संघर्ष समिति के मंत्री दीनदयाल शर्मा, संरक्षक सतीश भाटिया, सब्जीमण्डी एसोसिएशन अध्यक्ष देवेन्द्र छाबड़ा, पप्पू सैनी, ठाकुरदास भोजवानी, अर्जुन तख्तानी, तेज सिंह यादव, सैनी समाज के अध्यक्ष पूरण सैनी, हलवाई एसोसिएशन के अध्यक्षअशोक तनेता, ऑटोमोबाइल अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता, मिस्त्री एसोसिएशन के अध्यक्ष कन्हैया गुर्जर, कप्तान सिंह व सर्राफा कमेटी के अध्यक्ष रमेश सिंघल सहित काफी संख्या में संगठनों के पदाधिकारी मौजूद थे।
स्कूलों ने अवकाश घोषित किए
बन्द को देखते हुए जिले भर के कई बड़े स्कूलों ने विद्यार्थियों को अवकाश की सूचना प्रेषित कर दी। हालांकि जिला शिक्षा अधिकारी के स्तर से किसी भी तरह की छुट्टी होने की बात से इन्कार किया है। हर बार की तरह निजी स्कूलों ने बंद को देखते हुए अवकाश किया है।
बंद के आह्वान के चलते प्रशासन की ओर से सभी उपखंडों में व्यापारिक एवं अन्य संगठनों के साथ बैठकें की गई हैं तथा बंद के दौरान शांति बनाए रखने का आग्रह किया गया है। जिले भर में कानून व्यवस्था के उपाय करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रकाश राजपुरोहित, जिला कलक्टर अलवर
जिले में बंद के आह्वान को देखते हुए पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर बंद के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक उपाय करने को कहा गया है। वहीं सभी उपखंड अधिकारियों को बंद समर्थक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक करने के निर्देश दिए गए हैं। जबरन व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद कराने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
ओपी जैन, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम
Published on:
06 Sept 2018 08:24 am
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
